Cinema

Aashiqui 3: कार्तिक आर्यन अब तक की सबसे ‘सैड लव स्टोरी’ का होंगे हिस्सा, साइन की आशिकी 3


कार्तिक आर्यन (Kartik Aaryan) इन दिनों जबरदस्त सुर्खियों में छाए हुए हैं. उनकी पिछली रिलीज फिल्म ‘भूल भुलैया 2’ (Bhool Bhulaiyaa 2) साल की सबसे सफल हिंदी फिल्मों में से है. इस साल जिन तीन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन किया, उनमें कार्तिक आर्यन की ‘भूल भुलैया 2’ भी शामिल है, जिसमें अभिनेता के साथ कियारा आडवाणी भी नजर आईं. कार्तिक आर्यन के खाते में इन दिनों कई बड़ी फिल्में हैं और अब एक और जबरदस्त फिल्म उनके हिस्से आई है. कार्तिक अब एक इंटेंस लवर बॉय के किरदार में दिखाई देंगे.

जी हां, कार्तिक आर्यन बॉलीवुड की सबसे रोमांटिक फिल्मों में से एक आशिकी की फ्रेंचाइजी का हिस्सा बन गए हैं. उन्होंने अनुराग बासू की ‘आशिकी 3’ साइन की है, जिसकी जानकारी उन्होंने खुद दी है. अभिनेता ने सोशल मीडिया पर ये खबर शेयर की है और फिल्म को लेकर अपनी खुशी जाहिर की है. क्योंकि, कार्तिक का कहना है कि वह इस फिल्म को देखकर बड़े हुए हैं.

कार्तिक ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया और लिखा- ‘अब तेरे बिन जी लेंगे हम, जहर जिंदगी का पी लेंगे हम. #Aashiqui3. ये दिल दहलाने वाली होने वाली है. बासु दा के साथ मेरी पहली फिल्म.’ इस खबर के आते ही ‘आशिकी’ सीरीज के फैंस और कार्तिक आर्यन के फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रह गया है. कार्तिक के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कई यूजर्स ने इसे लेकर अपनी खुशी जाहिर की है.

आशिकी फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म में राहुल रॉय और अनु अग्रवाल लीड रोल में थे. खास बात तो ये है कि इनके किरदार के नाम भी इनके असल नाम पर ही रखे गए थे. वहीं ‘आशिकी 2’ में आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर लीड रोल में थे. फिल्म में आदित्य राहुल जयकर और श्रद्धा आरोही केशव के किरदार में थीं. इस फिल्म को खूब पसंद किया गया था. खासकर, युवाओं के बीच आशिकी फ्रेंचाइजी की फिल्में और गाने खूब पसंद किए जाते हैं.

वर्कफ्रंट की बात करें तो कार्तिक आर्यन ने हाल ही में सोशल मीडिया पर ‘सत्यप्रेम की कथा’ के मुहूर्त शूट की तस्वीरें भी शेयर की थीं. इसके अलावा एक्टर ‘फ्रेडी’, ‘शहजादा’ और ‘कैप्टन इंडिया’ जैसी फिल्मों में भी दिखाई देंगे. कार्तिक की फिल्मों का उनके फैंस के बीच भी बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है.

Tags: Bollywood, Bollywood news, Kartik aaryan