तमन्ना भाटिया (Tamannaah Bhatia) की लीड रोल वाली फिल्म ‘बबली बाउंसर’ (Babli Bouncer) का ट्रेलर आज 5 सितंबर को रिलीज कर दिया गया. डिज्नी प्लस हॉटस्टार ने अपने यूट्यूब चैनल पर दो मिनट से ज्यादा लंबे ट्रेलर को साझा किया है, जिसमें तमन्ना की एक बॉडी बिल्डर से दिल्ली के एक क्लब में बाउंसर बनने की जर्नी को दिखाया गया है.
ट्रेलर में, सौरभ शुक्ला अपनी बेटी तमन्ना (बबली) की तारीफ करते हुए कहते हैं कि जिम में किसी भी दूसरे बिल्डर की तुलना में वह ज्यादा वजन उठा सकती है, जबकि उनकी मां सुप्रिया शुक्ला ने उन्हें गोल रोटी न बनाने की वजह से ताना मारा. तमन्ना ने एक ऐसी लड़की का रोल निभाया है जो दिल्ली में करियर बनाना चाहती है और आत्म निर्भर होना चाहती है. इसलिए, वे अभिषेक बजाज के किरदार से शादी करने से मना कर देती हैं.
ट्रेलर में गुंडों को पीटती नजर आईं तमन्ना भाटिया
ट्रेलर में दिखाया गया है कि तमन्ना के किरदार को उनके जिम का साथी फीमेल बाउंसर की नौकरी का ऑफर देता है, जिसे वे स्वीकार कर लेती हैं. ट्रेलर में आगे तमन्ना खुलासा करती हुई नजर आती हैं कि उन्होंने अपने पिता से वादा किया था कि वे किसी को नहीं मारेंगी. हालांकि, वे सड़कों पर गुंडों को पीटती नजर आ रही हैं.
‘बबली बाउंसर’ 23 सितंबर को होगी रिलीज
‘बबली बाउंसर’ 23 सितंबर को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज होने के लिए तैयार है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मधुर भंडारकर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में तमन्ना, सौरभ शुक्ला, अभिषेक बजाज और साहिल वैद अहम रोल में हैं. स्टार स्टूडियोज और जंगली पिक्चर्स ने फिल्म का निर्माण किया है. ‘बबली बाउंसर’ की शूटिंग इसी साल मार्च में पूरी हुई थी.
तमन्ना भाटिया ‘प्लान ए प्लान बी’ का भी हैं हिस्सा
तमन्ना के पास रितेश देशमुख के साथ नेटफ्लिक्स कॉमेडी फिल्म ‘प्लान ए प्लान बी’ भी है. इसका प्रीमियर 30 सितंबर को होगा. शशांक घोष द्वारा निर्देशित और रजत अरोड़ा द्वारा लिखित फिल्म में अनुभवी एक्ट्रेस पूनम ढिल्लों और इन्फ्लूएंसर कुशा कपिला भी हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Tamannaah Bhatia, Trailer
FIRST PUBLISHED : September 05, 2022, 17:14 IST





