विधु विनोद चोपड़ा (Vidhu Vinod Chopra) ने बॉलीवुड में नाम बनाने से बहुत पहले ‘फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया’ (FTII) में एक छात्र के रूप में अपनी क्षमता साबित की थी. उनकी डिप्लोमा फिल्म ‘मर्डर एट मंकी हिल’ (1976) ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में एक अवॉर्ड जीता था, उनकी 1978 की डॉक्युमेंटरी ‘एन एनकाउंटर विद फेसेस’ ने उन्हें ऑस्कर के लिए नॉमिनेट किया था.
विधु विनोद चोपड़ा ने अपने चार दशक लंबे करियर में लेखक, निर्देशक और निर्माता के रूप में कई यादगार फिल्में बनाई हैं. वे आज 5 सितंबर को अपना 70वां जन्मदिन (Vinod Chopra Birthday) मना रहे हैं, आइए, एक निर्देशक के रूप में उनकी कुछ सबसे यादगार फिल्मों पर नजर डालते हैं.
मिशन कश्मीर: कश्मीर घाटी में आतंकवाद पर आधारित ‘मिशन कश्मीर’ एक युवा लड़के अल्ताफ खान (ऋतिक रोशन) के जीवन और त्रासदी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका पूरा परिवार पुलिस और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी में मारा जाता है. उस त्रासदी के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारी (संजय दत्त) उन्हें अपना लेते हैं, पर जब अल्ताफ को सच्चाई का पता चलता है, तो वे अपने परिवार की मौत का बदला लेने के लिए आतंकवाद का रास्ता चुनते हैं.
1942: ए लव स्टोरी- भारत की आजादी के आंदोलन पर बनी यह फिल्म अनिल कपूर और मनीषा कोइराला की प्रेम कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है. फिल्म को फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ फिल्म और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक की कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया था. यह आखिरी फिल्म थी, जिसमें महान संगीतकार आरडी बर्मन ने अपना संगीत दिया था. उनके निधन के बाद फिल्म रिलीज हुई थी.
शिकारा: 1990 के दशक में घाटी से कश्मीरी पंडित के पलायन की कहानी बताने की कोशिश करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्मों में से एक ‘शिकारा’ को साल 2020 में रिलीज किया गया था.
परिंदा: परिंदा हिट फिल्म थी. फिल्म जैकी श्रॉफ और अनिल कपूर द्वारा निभाए गए दो अनाथ भाइयों के किरदार के जीवन के इर्द-गिर्द घूमती है और इसमें नाना पाटेकर, माधुरी दीक्षित और अनुपम खेर भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं.
खामोश: ‘खामोश’ एक मर्डर मिस्ट्री थी. फिल्म में शबाना आजमी, अमोल पालेकर, नसीरुद्दीन शाह, पंकज कपूर, पवन मल्होत्रा जैसे प्रतिभाशाली कलाकार थे. फिल्म एक बड़ी रिलीज पाने में विफल रही थी, क्योंकि किसी भी डिस्ट्रिब्यूटर ने इसे नहीं खरीदा था.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Bollywood Birthday, Bollywood news
FIRST PUBLISHED : September 05, 2022, 07:00 IST





