हाइलाइट्स
फिल्मी कॅरियर की शुरुआत फिल्म ’नरसिम्हा’ से करने वाली थीं.
आयशा जुल्का ने कॅरियर की शुरआत सलमान खान की फिल्म ‘कुर्बान’ से की.
‘पहला नशा…’ आपको ‘जो जीता वो सिकंदर’ का यह गाना तो याद ही होगा और इस फिल्म की क्यूट सी एक्ट्रेस आयशा जुल्का (Ayesha Jhulka) भी आपके जेहन में होंगी. आयशा अब फिल्मी दुनिया में नजर नहीं आतीं लेकिन उन्होंने अपने दौर में कई बेहतरीन फिल्में की हैं. इंडस्ट्री को छोड़े हुए उन्हें समय हो गया है लेकिन एक बात है जो उन्हें आज भी खटकती है. उनके डेब्यू से जुड़ी यह बात उन्हें उदास कर देती है, आइए आपको पूरी बात बताते हैं…
आयशा जुल्का के फिल्मी करियर की शुरुआत फिल्म ‘नरसिम्हा’ (Narsimha) से होने वाली थी. इस फिल्म के लिए आयशा से पूरी बातें हो चुकी थीं लेकिन अंतिम क्षणों में आयशा को इस फिल्म से हटा दिया गया और उनकी जगह उर्मिला मातोंडकर (Urmila Matondkar) को फाइनल कर लिया गया. बताया जाता है कि आयशा का फिल्म के निर्माता कुमार मंगत से किसी बात पर झगड़ा हो गया था और इसी कारण फिल्म से उनको हटाकर उर्मिला मातोंडकर को साइन कर लिया गया.
फिल्म शुरू होने से पहले ही कर दिया बाहर
इस बारे में आयशा का कहना है कि मैंने अपने करियर की शुरुआत भी नहीं की थी. फिल्म शुरू होने से पहले ही मुझे निकाल दिया गया था. सभी जगह यह हैडलाइंस बन गई थीं कि आयशा जुल्का को फिल्म से निकाल दिया गया. इस बात ने मुझे काफी दुखी कर दिया था. उस समय परिवार के लोगों और करीबी दोस्तों ने मेरा काफी साथ दिया.
सलमान खान के साथ हुई शुरुआत
1991 में आई एन सी चंद्रा की फिल्म ‘नरसिम्हा’ में सनी देओल, डिम्पल कपाड़िया, ओम पुरी और उर्मिला मातोंडकर नजर आए थे. वहीं, आयशा जुल्का ने अपने फिल्मी करियर की शुरआत सलमान खान (Salman Khan) की फिल्म ‘कुर्बान’ (Kurbaan) से की थी. आयशा के अनुसार डेब्यू मूवी को लेकर हुए इंसीडेंट के बाद ‘कुर्बान’ की टीम से मुझे बहुत सपोर्ट मिला. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही. साथ ही फिल्म के एक गाने में मुझे देखने के बाद मंसूर खान ने फिल्म ‘जो जीता वो सिकंदर’ का ऑफर दिया. इस फिल्म में आमिर खान के साथ काम करने का मौका मिला और यह बॉक्स ऑफिस पर हिट रही.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Salman khan, Sunny deol, Urmila Matondkar
FIRST PUBLISHED : September 19, 2022, 11:00 IST





