रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और आलिया भट्ट (Alia Bhatt) की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वनः शिवा’ (Brahmatra Part 1: Shiva) जब से रिलीज हुई है, लगातार चर्चाओं में है. फिल्म की कमाई को लेकर भी सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं हैं. एक ओर जहां फिल्म कमाई के मामले में रोजाना नए-नए रिकॉर्ड बना रही है, दूसरी ओर दावा किया जा रहा है कि फिल्म साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है. ब्रह्मास्त्र ने कमाई के मामले में साल की सबसे सफल फिल्म द कश्मीर फाइल्स को भी पीछे छोड़ दिया है. इन रिपोर्ट्स पर अब द कश्मीर फाइल्स के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने भी रिएक्शन दिया है.
उन्होंने एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट वनः शिवा’ की कमाई के आंकड़ों पर तंज कसा है. रणबीर और आलिया की फिल्म पहले ही 200 करोड़ी क्लब में शामिल हो चुकी है. ऐसे में लगातार फिल्म की कमाई की तुलना द कश्मीर फाइल्स की कमाई से हो रही है. इन्हीं रिपोर्ट्स को देखते हुए विवेक अग्निहोत्री ने एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने इन रिपोर्ट्स पर प्रतिक्रिया दी है.
विवेक अग्निहोत्री ने अपने ट्वीट में लिखा- ‘हाहाहा… मुझे नहीं पता कि उन्होंने द कश्मीर फाइल्स को कैसे बीट किया है, छड़ी से, पत्थर से, हॉकी से, रॉड से, एके 47 से, पेड पीआर से या इंफ्लूएंसर्स से. बॉलीवुड फिल्मों को एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करने दीजिए. हमें अकेला छोड़ दीजिए. मैं इस मूर्खतापूर्ण रेस में शामिल नहीं हूं. धन्यवाद.’
विवेक अग्निहोत्री का ट्वीट. (फोटो साभारः ट्विटरः@vivekagnihotri)
दूसरी ओर ब्रह्मास्त्र की कमाई को लेकर रोज नई-नई रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं, जिनमें दावा किया गया है कि फिल्म ने अब तक 200 करोड़ का बिजनेस कर लिया है. फिल्म ट्रेड सोर्सेज के अनुसार दूसरे वीकेंड पर रणबीर-आलिया की फिल्म ने 17 करोड़ कमाए. फिल्म का घरेलू कलेक्शन 200 करोड़ और वर्ल्ड वाइड 350 है. यानी फिल्म साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्म बन गई है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Brahmastra movie, The Kashmir Files, Vivek Agnihotri
FIRST PUBLISHED : September 19, 2022, 16:34 IST





