
आने वाली फिल्म ‘कोड नेम तिरंगा’ में अपने लुक के बारे में बात करते हुए, परिणीति चोपड़ा कहती हैं, “‘मैं खुद को एक नए अवतार में पेश करने के लिए फिर से वापस आ गई हूं, और आज से पहले मुझे किसी ने ऐसे किरदार में नहीं देखा होगा.”
मुंबई: संदीप और पिंकी फरार, द गर्ल ऑन द ट्रेन और साइना जैसी 3 लगातार हिट फिल्मों में शानदार प्रदर्शन करने वाली परिणीति चोपड़ा अपनी अगली फिल्म ‘कोड नेम तिरंगा‘ के साथ दर्शकों को लुभाने के लिए वापस आ गई है। सोशल मीडिया पर इस फिल्म में उनका लुक सामने आते ही उन्होंने नेटिजन्स के बीच तहलका मचा दिया और लोग उनके इस नए लुक को देखकर हैरान रह गए।
अपने लुक पर बात करते हुए एक्ट्रेस ने कहा, “मैं खुद को एक नए अवतार में पेश करने के लिए फिर से वापस आ गई हूं, और आज से पहले मुझे किसी ने ऐसे किरदार में नहीं देखा होगा! मेरी कोशिश हमेशा यही रहती है कि मैं लीक से हटकर कंटेंट वाली फ़िल्मों में काम करूं, क्योंकि मैं ऐसी ही हूं। साथ ही, मैंने हमेशा दर्शकों के सामने कुछ नया पेश करने और पहले से बेहतर प्रदर्शन करने उसकी कोशिश की है।”
इसके अलावा, उन्होंने बताया कि, “फिल्म के पोस्टर में मेरे हाथों में बंदूक है और चोट के निशान दिखाई दे रहे हैं, जो ऑडियंस के लिए इस फिल्म में सभी चीजों का सिर्फ एक टीज़र है। यह तो मेरे किरदार की सिर्फ एक झलक है और मैं आपको यकीन दिलाती हूं कि इस फिल्म को देखने के बाद दर्शक हैरत में पड़ जाएंगे और उन्हें बड़ा अचरज महसूस होगा।”





