Cinema

लता मंगेशकर को क्रिकेट से था बहुत प्यार, जानें किसकी वजह से लगा था मैच देखने का चस्का


लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) करीब 6 दशक तक लगातार काम करती रहीं. उनकी आवाज की कशिश बढ़ती उम्र के साथ और सुरीली होती जा रही थी. यही वजह थी कि मधुबाला (Madhubala) से लेकर नई एक्ट्रेस तक पर, उनकी आवाज फिट हो जाती थी. लता दी को संगीत के अलावा क्रिकेट का जबरदस्त शौक था. सुरों की मल्लिका अपने खाली वक्त में या तो रियाज करती हैं या फिर अपना पसंदीदा खेल क्रिकेट देखना पसंद करती हैं. लता जी 1983 में लॉर्ड्स के मैदान हुए गौरवशाली वर्ल्ड क्रिकेट कप की जीत की गवाह भी रही हैं. चलिए बताते हैं कि लता दी को क्रिकेट का शौक और जुनून कैसे और किसकी सोहबत में हुआ था.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लता मंगेशकर की राजस्थान के क्रिकेटर राज सिंह डूंगरपुर से काफी घनिष्ठता थी. लंबे समय तक इनकी अच्छी दोस्ती रही लेकिन किसी वजह से दोस्ती आगे नहीं बढ़ पाई. इसी दोस्ती की वजह से लता दी को क्रिकेट में दिलचस्पी पैदा हो गई थी. चूंकि राज सिंह शानदार क्रिकेटर और सम्मानित व्यक्ति थे तो उनसे मिलने क्रिकेटर भी आते रहते थे.

लता मंगेशकर को क्रिकेट से था प्यार

कहते हैं कि लता मंगेशकर की भी क्रिकेटर्स से मुलाकात होती और अच्छी जान पहचान हो गई थी. राज सिंह डूंगरपुर से उनका रिश्ता कोई नाम तो नहीं ले सका लेकिन लता को क्रिकेट से ऐसी मोहब्बत हो गई कि मैच देखने का कोई पल छोड़ नहीं सकती थीं. 1983 का मैच देखने तो लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम पहुंच गई थीं. टीम ने मैच जीतकर इतिहास रच दिया और पूरे देशवासियों की तरह लता मंगेशकर ने भी खुशियां मनाई थीं. इतना ही नहीं लता दी ने क्रिकेट बोर्ड की मदद के लिए एक कॉन्सर्ट भी किया ताकि टीम के लिए पैसे जुटाए जा सके, क्योंकि उस दौर में क्रिकेट में आज की तरह धनवर्षा नहीं होती थी. क्रिकेटर कीर्ती आजाद ने लता दी के निधन के बाद एक थ्रोबैक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और 83 की क्रिकेट टीम के साथ लता दी नजर आ रही हैं. इसका भी दिलचस्प किस्सा है.

kirti azad post on lata mangeshkar
(फोटो साभार: Kirti Azad/Twitter)

इंदिरा गांधी स्टेडियम में लता दी के साथ क्रिकेटर और राजीव गांधी

लता मंगेशकर  ने बताया था कि ‘1983 में लंदन छुट्टियां मनाने गई थीं. लंदन में ही मेरी मुलाकात एनकेपी साल्वे साहब से हुई. जब भारतीय टीम जीत गई तो उन्होंने मुझसे कहा कि वे लोग इस शानदार जीत पर एक बड़ा प्रोग्राम करना चाहते हैं क्या वो प्रोग्राम आप करेंगी, मैंने कहा जरूर करूंगी. 17 अगस्त को मैं दिल्ली पहुंची और मैंने स्पेशल शो किया. इस शो में मुकेश भैया का बेटा नीतिन मुकेश और सुरेश वाडेकर ने भी साथ दिया. राजीव गांधी भी उस शो में मौजूद थे’.

Tags: Cricket, Lata Mangeshkar, Rajiv Gandhi

Leave a Reply