Vikram Vedha Vs Ponniyin Selvan I: साउथ बनाम बॉलीवुड, आज बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फिल्मों की टक्कर हो रही है, जिसे लेकर मनोरंजन जगत में हलचल मची हुई है. एक तरफ है ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan) और सैफ अली खान (Saif Ali Khan) स्टारर ‘विक्रम वेधा’, जो इसी टाइटल वाली दक्षिण भारतीय फिल्म का रीमेक है और दूसरी तरफ है ‘पोन्नियिन सेलवन-1’ (Ponniyin Selvan: I ), जिसमें ऐश्वर्या राय बच्चन (Aishwarya Rai Bachchan), तृषा कृष्णनन, कार्थी. विक्रम, जयम रवि और शोभिता धुलिपाला जैसे सितारे हैं. मणिरत्नम निर्देशित ‘पोन्नियिन सेलवन 1’ जबरदस्त सुर्खियों में है. ऐसे में इस बात की चर्चा भी शुरू हो गई है कि आखिर वह कौन सी फिल्म होगी, जो कमाई की रेस में आगे निकलने वाली है.
विक्रम वेधा और पोन्नियिन सेलवन-1 दोनों ही फिल्में अलग-अलग जॉनर की हैं. लेकिन, इसके बाद भी एक ही दिन रिलीज के चलते इस बात का खतरा बना है कि दोनों फिल्में एक-दूसरे की कमाई को प्रभावित कर सकती हैं. विक्रम वेधा के खतरे में होने की एक वजह यह भी है कि यह दक्षिण भारतीय फिल्म की हिंदी रीमेक है, जिसके चलते दर्शक पहले ही फिल्म की कहानी से परिचित हैं, दूसरी ओर पोन्नियिन सेलवन-1 एक नई कहानी है, ऐसे में दर्शकों के ऐश्वर्या राय स्टारर फिल्म की ओर झुकाव की ज्यादा संभावना है.
विक्रम-वेधा और पोन्नियिन सेलवन-1, दोनों में कई अंतर हैं. जिनमें से पहला फिल्मों का बजट है. एक ओर जहां कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पोन्नियिन सेलवन 1 500 करोड़ के बजट में बनी है, तो दूसरी ओर विक्रम वेधा का बजट 175 करोड़ के लगभग बताया जा रहा है. ट्रेड एनालिस्ट का अनुमान है कि डायरेक्टर मणि रत्नम की PS 1 कलेक्शन के मामले में विक्रम वेधा पर भारी पड़ सकती है. कहा जा रहा है कि PS 1 की पहले दिन की कमाई 20 से 25 करोड़ और विक्रम वेधा की 18 से 20 करोड़ के बीच हो सकती है.
पिछले दिनों KGF चैप्टर 2, आरआरआर और विक्रम सहित ऐसी कई दक्षिण भारतीय फिल्में रिलीज हुईं, जो बॉलीवुड फिल्मों पर भारी साबित हुईं. ऐसे में पोन्नियिन सेलवन-1 के विक्रम वेधा पर भारी पड़ने की संभावना ज्यादा है. कई मीडिया रिपोर्ट्स में तो यह भी कहा जा रहा है कि इस महाक्लैश से ऋतिक रोशन काफी परेशान हैं, लेकिन ऋतिक रोशन ने साफ कर दिया है कि उन्हें इस महा-संग्राम के चलते कोई टेंशन नहीं है. हालांकि, दर्शकों का दिल पोन्नियिन सेलवन 1 पर आता है या विक्रम वेधा पर, वह कुछ ही घंटों में साफ हो जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Aishwarya rai bachchan, Bollywood, Hrithik Roshan
FIRST PUBLISHED : September 30, 2022, 11:14 IST





