आशा पारेख (Asha Parekh) को उनके जन्मदिन से एक दिन पहले ‘दादासाहब फाल्के पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया. उन्हें शुक्रवार को दिल्ली में 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुरस्कार प्रदान किया. एक्ट्रेस ने कहा कि वे अपने 80वें जन्मदिन से एक दिन पहले अवॉर्ड मिलने से बेहद खुश हैं.
आशा पारेख ने एक बातचीत के दौरान पुरानी यादों को ताजा किया. उन्होंने दिलचस्प खुलासा करते हुए कहा कि उनके अपोजिट काम करने वाले एक्टर्स अक्सर उनसे डरते रहते थे. आशा पारेख जब अपने करियर के चरम पर थीं, तब उन्होंने देव आनंद, शम्मी कपूर और राजेश खन्ना के साथ-साथ कई अन्य अभिनेताओं के साथ काम किया था. आशा ने कहा कि हीरो धीरे-धीरे उनसे दोस्ती कर लेते थे, लेकिन शुरू में वे बहुत डरे-सहमे से रहते थे.
आशा पारेख अपनी मां के बेहद करीब थीं
आशा ने पहले भी कई मौकों पर इस बात का जिक्र किया है कि संपर्क में न होने की वजह से भी लोग शादी के लिए हाथ मांगने में झिझकते थे. उन्होंने इंटरव्यू में कहा कि उनकी मां लोगों के इस नजरिये की वजह हो सकती हैं. उन्होंने कनेक्ट एफएम कनाडा को अपनी मां सुधा उर्फ सलमा पारेख के बारे में बताया, ‘मेरी मां मेरे जीवन की रीढ़ थीं. वे मेरे लिए सब कुछ थीं.’
आशा पारेख की मां काफी सख्त स्वभाव की थीं
वे आगे कहती हैं, ‘इकलौती संतान होने के नाते, मैं थोड़ी बिगड़ी हुई भी थी.’ जब आशा पारेख से पूछा गया कि फिल्म इंडस्ट्री में उनकी मां ने उनकी रक्षा कैसे की, तो एक्ट्रेस ने कहा, ‘मेरी मां बहुत सख्त थीं. उन्होंने कभी किसी को उनके पास नहीं आने दिया.’
आशा पारेख को नहीं पता कि क्यों हीरो उनसे डरते थे
आशा ने याद करते हुए कहा, ‘मुझे नहीं पता, सभी को लगा कि मेरे बारे में कुछ ऐसा है जिससे कोई मेरे पास नहीं आया. वे डरते थे. मैं बहुत फ्रैंक थीं, बहुत सारे हीरो थे, जो मुझसे डरते थे. मुझे नहीं पता कि वे क्यों डरते थे. कुछ समय बाद, जब हम आपस में बात करते, तो दोस्त बन जाते, लेकिन पहले तो बहुत डरते थे. मेरे माता-पिता ने मुझे जमीन से जोड़े रखा. उन्होंने मुझे ऐसा महसूस नहीं कराया कि मैं एक स्टार हूं.’
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bollywood actress
FIRST PUBLISHED : October 01, 2022, 18:54 IST





