‘गुलाब गैंग’, ‘तुम्बाड’ (Tumbbad) और ‘महारानी’ से लोकप्रियता हासिल करने वाले एक्टर सोहम शाह (Sohum Shah) ने राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता सुधांशु सरिया की ‘सना’ (Sanaa) के लिए डबिंग शुरू कर दी है. एक्टर ने सोशल मीडिया पर बताया है कि उन्होंने को-एक्ट्रेस राधिका मदान और पूजा भट्ट के साथ फिल्म की शूटिंग पूरी करने के बाद ‘सना’ के लिए डबिंग शुरू कर दी है.
सोहम ने इस फिल्म में काम करने के अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए कहा, ‘सना के कलाकारों और क्रू के साथ सेट पर एक रोमांचक अनुभव के बाद, यह फिल्म निर्माण के अंतिम स्टेज पर है.’ ‘सना’ उन परियोजनाओं में से एक है जो मेरे दिल में अपनी कहानी और चरित्र दोनों के कारण एक विशेष स्थान रखती है.’
‘सना’ को सुधांशु सरिया ने किया है डायरेक्ट
वे आगे कहते हैं, ‘मैं अपने दर्शकों को वही अनुभव कराने के लिए और इंतजार नहीं कर सकता जो मैंने इस फिल्म की शूटिंग के दौरान महसूस किया था.’ सुधांशु सरिया द्वारा निर्देशित और लिखित फोर लाइन एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित, ‘सना’ में राधिका मदान, पूजा भट्ट, शिखा तलसानिया और सोहम शाह हैं.
सुधांशु सरिया के पास है काफी काम
जंगली पिक्चर्स के साथ सुधांशु सरिया को हाई-ऑक्टेन फीमेल लीड वाले ड्रामा ‘उलझ’ के निर्देशक के रूप में चुना गया था. वे अमेजन प्राइम के लिए एक सीरीज का लेखन, सह-निर्देशन भी कर रहे हैं और वे नेटफ्लिक्स के लिए ‘दिल्ली क्राइम सीजन 3’ का सह-निर्माण और लेखन कर रहे हैं.
सोहम शाह ने ‘बाबर’ से किया था डेब्यू
सोहम शाह की आज बॉलीवुड के उम्दा एक्टर्स में गिनती होती है. उनके करियर की बात करें, तो वे साल 2009 में फिल्म ‘बाबर’ में पहली बार नजर आए थे, जिसमें उन्होंने विलेन की भूमिका निभाई थी. उन्होंने डेब्यू के बाद, ‘तलवार’ (2015) और ‘सिमरन’ (2017) में अभिनय किया था. उनकी फिल्म ‘तुम्बाड’ की काफी प्रशंसा हुई थी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bollywood news, Radhika Madan
FIRST PUBLISHED : September 30, 2022, 19:40 IST





