युवा अपने सपनों को पूरा करने के लिए मुंबई की चमक-दमक से भरी दुनिया में दाखिल होते हैं. कई अपनी मंजिल पा लेते हैं, तो कई लोगों के सपने बिखर जाते हैं. मुंबई में 30 साल की एक मॉडल की सुसाइड की खबर सामने आई है, जिसने ग्लैमर की दुनिया के स्याह पहलू से एक बार फिर साबका कराया है.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मॉडल ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा था, जिसे मुंबई पुलिस ने बरामद कर लिया है. सुसाइड नोट में मॉडल ने आत्महत्या के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है. वे अपनी जिंदगी से काफी मायूस थीं.
मॉडल का शव पंखे से लटका मिला
मॉडल का नाम आकांक्षा मोहन है, जो 30 साल की हैं, जिन्हें मुंबई के चार बंगला एरिया के एक होटल में पंखे से लटका पाया गया. वे होटल में एक कमरा किराये पर लेकर रह रही थीं. वर्सोवा पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं.
मैनेजर के कहने पर होटल पहुंची पुलिस
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मॉडल बुधवार से होटल के कमरे में रह रही थीं. होटल के वेटर ने जब अगली सुबह कमरे की घंटी बजाई तो किसी ने कोई जवाब नहीं दिया. इसके बाद, होटल के मैनेजर ने पुलिस को जानकारी दी. मुंबई पुलिस जब मास्टर चाबी का इस्तेमाल करके कमरे में दाखिल हुई तो उन्हें मॉडल का शव पंखे से लटका मिला.
अपनी जिंदगी से खुश नहीं थीं मॉडल
पुलिस ने कमरे से जो सुसाइड नोट बरामद किया है, उसमें मॉडल ने किसी को अपने सुसाइड के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है. सुसाइड नोट में लिखा है- माफ करें, कोई भी इसके लिए जिम्मेदार नहीं है. सिर्फ शांति चाहती हूं, अपनी जिंदगी से खुश नहीं थी. बता दें कि मुंबई पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया है. पुलिस फिलहाल हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Model, Suicide
FIRST PUBLISHED : September 30, 2022, 18:55 IST




