नीतू चंद्रा (Neetu Chandra) ने गांधी जयंती के अवसर पर अबू धाबी में अपना फिल्म प्रोडक्शन हाउस ‘चंपारण टॉकीज स्टूडियो’ लॉन्च किया. उनकी यह पहल न केवल गांधीजी को एक श्रद्धांजलि है, जिन्होंने चंपारण से अपना सत्याग्रह शुरू किया था, बल्कि यह नीतू चंद्रा की भारतीयता को भी बयां करता है.
नीतू ने अपने मकसद को पाने के लिए, तकनीशियनों की एक महिला टीम स्थापित करने की योजना बनाई है, जो अच्छा कॉन्टेंट तैयार करने में मददगार हो सकते हैं. इससे पुरुष-प्रधान इंडस्ट्री में महिलाओं के लिए सुगम रास्ता तैयार हो सकता है.
महिलाओं को सशक्त बनाना चाहती हैं नीतू चंद्रा
चंपारण टॉकीज स्टूडियोज की निदेशक नीतू चंद्रा श्रीवास्तव कहती हैं, ‘महिलाओं को सशक्त बनाना और उनके मूल्य को पहचानना, सबसे शानदार बात है जो समाज का उत्थान कर सकती है. चंपारण टॉकीज स्टूडियो में इस महिला टीम के साथ, मेरा लक्ष्य फिल्म निर्माण के क्षेत्र में महिलाओं के लिए बेहतर पहुंच मुहैया कराना है.
नीतू चंद्रा ने ‘गरम मसाला’, ‘ट्रैफिक सिग्नल’ जैसी फिल्मों में काम किया है.
नीतू चंद्रा ने लोगों का जताया आभार
वे आगे कहती हैं, ‘मेरा मानना है कि संयुक्त अरब अमीरात में 200 से ज्यादा देशों के लोगों की मौजूदगी की वजह से मुझे अपने प्रोजेक्ट के लिए सही टैलेंट मिल सकता है. मैं उन सभी लोगों और संस्थानों की आभारी हूं, जिन्होंने यहां यूएई में मेरे स्टूडियो की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.’
भाई नितिन चंद्रा के साथ लॉन्च किया था ‘चंपारण टॉकीज’
नीतू आखिर में कहती हैं, ‘फिल्मी बैकग्राउंड से न होने की वजह से, मैंने एक्ट्रेस के तौर पर अपनी पहचान बनाने के लिए, फिल्म इंडस्ट्री में अपना रास्ता बनाया. ‘चंपारण टॉकीज’ फिल्म इंडस्ट्री और भारत के लोगों का शुक्रिया अदा करने का मेरा तरीका है. मैंने साल 2010 में मुंबई में ‘चंपारण टॉकीज’ को अपने भाई नितिन चंद्रा के साथ लॉन्च किया था, जो एक नेशनल अवॉर्डी लेखक और निर्देशक हैं, जिसका मकसद भारतीय दर्शकों के लिए बढ़िया सिनेमा तैयार करना है. साथ में, हम अपने बिहार की फिल्मों की निगेटिव इमेज को बदलना चाहते थे.’
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Actress, Gandhi Jayanti
FIRST PUBLISHED : October 02, 2022, 19:23 IST





