हाइलाइट्स
जे. पी. दत्ता आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं.
दत्ता ने कई देशभक्ति फिल्में दी हैं.
बॉलीवुड (Bollywood) में कई निर्देशक ऐसे हैं, जिन्होंने दर्शकों के दिलों में देशभक्ति बनाए रखने का काम किया है. ये ऐसे निर्देशक हैं, जो सिनेमा के जरिए भारतीय सेना के प्रति आभार व्यक्त करते हैं. ऐसे ही एक फिल्मकार हैं जे. पी. दत्ता (J P Dutt). इन्होंने बॉलीवुड को कई देशभक्ति फिल्में दी हैं. इनकी फिल्म ‘बॉर्डर’ (Border) ने तो इतिहास रच दिया था. ‘बॉर्डर’ फिल्म ने सफलता के कई परचम लहराए लेकिन फिल्म के साथ एक दर्दनाक किस्सा भी जुड़ गया. दिल्ली के उपहार सिनेमाघर में जब इस फिल्म का शो चल रहा था तो भयानक आग लग गई थी. इस अग्निकांड में कई लोगों की जान गई थी. इस घटना ने जे. पी. दत्ता को काफी दुखी कर दिया था.
जे. पी. दत्ता आज अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं. इनका पूरा नाम ज्योति प्रकाश दत्ता है और इनका जन्म मुम्बई में 3 अक्टूबर 1949 को हुआ था. फिल्मी दुनिया में जे. पी. दत्ता ने अपनी पहचान एक बेहतरीन फिल्मकार के तौर पर बनाई. दत्ता ने अधिकांशत: देशभक्त्ति से जुड़ी एक्शन पैक्ड फिल्में बनाईं. इनकी फिल्में दर्शकों के दिलों में इतना जोश भर देती थीं कि लोग सिनेमाघरों में ही ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाने लगते थे.
‘बॉर्डर’ ने तोड़ दिए थे रिकॉर्ड
जे. पी. दत्ता ने ‘बॉर्डर’, ‘एलओसी’, ‘पलटन’, ‘रिफ्यूजी’ जैसी फिल्मों से दर्शकों के दिलों में अलग जगह बनाई थी. दत्ता ने अपने कॅरियर की शुरुआत ‘सरहद’ फिल्म से की थी. 1997 में जब दत्ता फिल्म ‘बॉर्डर’ लेकर आए तो उन्होंने सोचा नहीं था कि यह फिल्म सिनेमा की दुनिया में नया आयाम स्थापित कर देगी. फिल्म को आपार सफलता मिली. सनी देओल, सुनील शेट्टी, अक्षय खन्ना, जैकी श्रॉफ, राखी, तब्बू, कुलभूषण खरबंदा जैसे कई बड़े कलाकारों से सजी इस फिल्म ने हर दर्शक को अपना बना लिया था. इस फिल्म ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए. फिल्म के लिए दत्ता को राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया था.
हमेशा के लिए जुड़ गया दर्द
जब किसी फिल्म को आपार सफलता मिले तो फिल्मकार और सितारों के लिए इससे बेहतर क्या हो सकता है. ‘बॉर्डर’ जे पी दत्ता के दिल के करीब है लेकिन इस फिल्म के साथ ऐसा दर्द भी जुड़ा है जो आज भी उन्हें परेशान कर देता है. दिल्ली में उपहार सिनेमा घर में 13 जून 1997 को जब यह फिल्म दिखाई जा रही थी तो शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई थी. आग इतनी भीषण थी कि 59 लोगों की इस हादसे में जान चली गई थी और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए थे. इस मामले में अब भी सिनेमाघर मालिकों अंसल बंधुओं पर केस चल रहा है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: J P Dutta, Jackie Shroff, Suniel Shetty, Sunny deol, Tabu
FIRST PUBLISHED : October 03, 2022, 06:30 IST





