Cinema

Ponniyin Selvan 1 का बॉक्स ऑफिस पर धमाल! 300 करोड़ के पार पहुंचा कलेक्शन


निर्देशक मणिरत्नम (Mani Ratnam) की फिल्म ‘पोन्नियिन सेल्वन-1’ ने दुनियाभर में ‘बॉक्स ऑफिस’ पर 300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है. निर्माताओं ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. चियान विक्रम, जयम रवि, कार्थी, तृषा कृष्णन, ऐश्वर्या राय बच्चन अभिनीत तमिल फिल्म 30 सितंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.

मणिरत्नम के मद्रास प्रोडक्शंस ने ट्विटर पर बॉक्स ऑफिस के नवीनतम आंकड़ों की जानकारी साझा की. प्रोडक्शन हाउस ने एक पोस्ट में कहा, फिल्म ने दुनिया भर में 300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है. ‘सीमाओं से परे सफलता! इस जबरदस्त प्रतिक्रिया के लिए धन्यवाद.’

‘पोन्नियिन सेल्वन-1’ की कहानी, इसी नाम के एक तमिल उपन्यास पर आधारित है, जिसे कल्कि कृष्णमूर्ति ने 1955 में लिखा था. फिल्म में, चोल साम्राज्य के शासक राजराजा चोल प्रथम के शुरुआती दिनों की कहानी बयां की गई है. इस फिल्म को आलोचकों और दर्शकों दोनों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है.

‘पोन्नियिन सेल्वन-1’ 30 सितंबर को हुई थी रिलीज
मणिरत्नम के बैनर मद्रास टॉकीज और अल्लिराजा सुभास्करन की लाइका प्रोडक्शंस ने साथ मिलकर फिल्म का निर्माण किया है. ‘पोन्नियिन सेल्वन-1’ 30 सितंबर को तमिल, हिंदी, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज हुई.

ऐश्वर्या राय ने निभाई है दोहरी भूमिकाएं
फिल्म में जयम रवि, विक्रम, कार्थी, ऐश्वर्या राय, त्रिशा, शोभिता धूलिपाला और ऐश्वर्या लक्ष्मी शामिल हैं. पोन्नियिन सेलवन: 1 से एक दशक के बाद ऐश्वर्या की तमिल सिनेमा में वापसी हुई है. फिल्म में ऐश्वर्या दोहरी भूमिकाएं निभाती हैं – नंदिनी और उनकी मूक मां मंदाकिनी देवी.

अगले साल रिलीज होगा ‘पोन्नियिन सेलवन पार्ट 2’
पोन्नियिन सेलवन का दूसरा भाग अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. फिल्म निर्माता मणिरत्नम ने हाल में एक मीडिया बातचीत में कहा था कि उन्हें खुशी है कि वे फिल्म को दो भागों में बना पाए और अब पार्ट 1 को रिलीज कर पाए, क्योंकि दर्शक एक फिल्म को कई भागों में देखने के लिए तैयार हैं.

Tags: Aishwarya rai, Mani ratnam

Leave a Reply