शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के बड़े बेटे आर्यन खान (Aryan Khan) एक्टिंग का शौक नहीं रखते हैं, हालांकि आर्यन खान मनोरंजन जगत का हिस्सा बनना चाहते हैं, पर कैमरे के पीछे रहना पसंद करते हैं. उन्होंने फिल्म निर्माण की ट्रेनिंग भी ली है, पर वे अपनी पहली वेब सीरीज के लिए और प्रशिक्षण ले सकते हैं. वे दुनियाभर में विख्यात फिल्ममेकर की शरण में जा सकते हैं.
शाहरुख खान ने अपने बेटे को उनकी पहली सीरीज के लिए ट्रेनिंग देने के लिए ‘फौदा’ के फिल्ममेकर लियोर रज को चुना है, जिसे रेड चिलीज एंटरटेनमेंट प्रोड्यूस करेगी. पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, एक सूत्र ने बताया, ‘आर्यन रेड चिलीज प्रोडक्शंस की वेब सीरीज के लिए लेखकों की एक टीम के साथ स्क्रिप्ट लिख रहे हैं. उनमें से एक लियोर रज हैं. प्रोजेक्ट पर काम पहले ही शुरू हो चुका है.’
आर्यन खान लेखक के रूप में शुरू करेंगे करियर
वे आगे कहते हैं, ‘आर्यन फिल्म मेकिंग सीखना चाहते हैं. वे निर्देशन में आने से पहले एक लेखक के रूप में अपना करियर शुरू करना चाहते हैं.’ पहले ऐसी चर्चाएं थीं कि आर्यन अपनी पहली वेब-सीरीज के लिए बिलाल सिद्दीकी के साथ काम करेंगे, जो ‘बार्ड ऑफ ब्लड’ के को-राइटर थे. कास्टिंग सहित इस शो की डिटेल को फिलहाल सीक्रेट रखा गया है.
सुहाना खान बनेंगी एक्ट्रेस, आर्यन खान बनेंगे डायरेक्टर
शाहरुख खान के बड़े बेटे ने निर्देशन का रास्ता चुना है, जबकि उनकी बेटी सुहाना खान, जोया अख्तर की मल्टी स्टारर ‘द आर्चीज’ में एक एक्ट्रेस के रूप में डेब्यू करेंगी, जो अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा और बोनी कपूर की छोटी बेटी खुशी कपूर की भी डेब्यू फिल्म है.
शाहरुख खान 2023 में दिखाएंगे दम
शाहरुख खान की बात करें, तो उनकी अगली फिल्म ‘पठान’ अगले साल जनवरी में रिलीज होगी, जिसमें वे दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम के साथ नजर आएंगे. वे ‘जवान’ का भी हिस्सा हैं, जिसे एटली डायरेक्ट कर रहे हैं. वे राजकुमार हिरानी की फिल्म ‘डंकी’ में भी काम कर रहे हैं. उनकी तीन फिल्में ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ अगले साल रिलीज होंगी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Aryan Khan, Shah rukh khan
FIRST PUBLISHED : October 09, 2022, 19:44 IST




