Cinema

VIDEO: शिल्पा शेट्टी ‘पति से नहीं बता पा रही हैं ससुराल की समस्या’, बोलीं- ‘मच्छर से मलेरिया के बारे में क्या बताना’


Shilpa Shetty Video: शिल्पा शेट्टी (Shilpa Shetty) सोशल मीडिया पर कितनी एक्टिव हैं, ये बात किसी से छिपी नहीं है. 47 वर्षीय अभिनेत्री सोशल मीडिया पर अक्सर अपनी खूबसूरत तस्वीरें, वीडियो शेयर करती रहती हैं और फिटनेस को लेकर अपने फैंस को जागरूक करने का कोई मौका नहीं छोड़तीं. हालांकि, शिल्पा अपने फैंस को हंसाने का भी कोई मौका नहीं छोड़तीं, जो उनके हालिया वीडियो से साफ जाहिर होता है. शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर अपना एक लेटेस्ट वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपने ‘पति’ और ‘ससुराल’ की समस्या अपने फैंस को बताई है, वह भी बेहद मजाकिया अंदाज में.

शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर अपना यह वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह जबरदस्त अंदाज में बिहारी लाइन पर लिपसिंक कर रही हैं. उन्होंने सिर पर दुपट्टा लिया है. वीडियो में एक पुरुष की आवाज आती है- ‘का हो, तू ना अपने ससुरे के समस्या अपने पति से काहे ना बताबे लू.’ जवाब में शिल्पा कहती हैं- ‘अब मलेरिया के बारे में मच्छर से बताके कोनऊ फायदा बा?’ वीडियो शेयर करते हुए शिल्पा ने कैप्शन में लिखा- ‘संडे रील्स.’

शिल्पा का यह वीडियो फैंस के बीच खूब पसंद किया जा रहा है. कई यूजर्स ने उनके वीडियो पर रिएक्शन देते हुए उनकी लिपसिंक और मजेदार अंदाज की तारीफ की है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. कई सेलेब्स ने भी शिल्पा शेट्टी के इस मजेदार अंदाज की तारीफ की है. जिनमें उनकी बहन शमिता शेट्टी भी शामिल हैं.

शिल्पा ने हाल ही में अपने घर पर हुई कंचक पूजा की तस्वीरें और वीडियो भी शेयर किया था. जिसमें शिल्पा के पति राज कुंद्रा घर पर आईं कन्याओं के पैर धुलाते और उनका पूजन करते नजर आए थे. इस वीडियो में शिल्पा ने अपनी बेटी शमिशा की झलक भी दिखाई थी. नन्हीं शमिशा भी कंचक में शामिल हुई थीं, राज कुंद्रा जिनके पैर धोते दिखे थे.

वहीं उन्होंने एक्सरसाइज करते भी अपना एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह एथनिक वियर में जिम में एक्सरसाइज करती नजर आई थीं. शिल्पा ने इस वीडियो के साथ नवरात्रि को लेकर अपना उत्साह जाहिर किया और बताया कि कैसे एक्सरसाइज के लिए किसी एक तरह के कपड़े की जरूरत नहीं होती, बल्कि किसी भी आउटफिट में एक्सरसाइज की जा सकती है.

Tags: Bollywood, Entertainment, Shilpa shetty

Leave a Reply