नई दिल्ली: मराठी और हिंदी फिल्मों की चर्चित एक्ट्रेस मनवा नाइक (Manava Naik) को कैब से यात्रा करते समय कैब ड्राइवर के बुरे बर्ताव का सामना करना पड़ा. उन्हें किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है, पर वे घटना से बुरी तरह घबरा गई हैं. बता दें कि मनवा नाइक ने मराठी फिल्म ‘पोर बाजार’ का निर्देशन भी किया है.
एएनआई ने ट्वीट करके घटना के बारे में जानकारी दी है. ट्वीट में लिखा है, ‘एक्ट्रेस और निर्देशक मानव नाइक ने एक फेसबुक पोस्ट में आरोप लगाया है कि एक कैब ड्राइवर ने कल टैक्सी से घर जाते समय उन्हें धमकी दी और उनके साथ दुर्व्यवहार किया. डीसीपी जोन 8 इस मामले को देख रहा है और अपराधी पर जल्द ही केस दर्ज किया जाएगा: मुंबई ज्वॉइंट सीपी’
(फोटो साभार: Twitter)
मनवा नाइक ने अपनी फेसबुक पोस्ट के जरिये पूरी घटना का जिक्र किया है. वे लिखती हैं, ‘मैं 8.15 बजे एक उबर कैब पर बैठी. उबर ड्राइवर ने फोन पर बात करना शुरू कर दिया. मैंने उसे ऐसा न करने के लिए कहा. बीकेसी सिग्नल पर उसने सिग्नल जम्प किया. मैंने उससे ऐसा करने से मना किया. उसने नहीं सुना. ट्रैफिक पुलिस ने उसे रोका और एक फोटो भी क्लिक की.’
(फोटो साभार: Facebook@Manava Naik)
कैब ड्राइवर जब मनवा नाइक को धमकाने लगा
वे आगे बताती हैं, ‘उबर ड्राइवर ने ट्रैफिक पुलिस से बहस करनी शुरू कर दी. मैंने हस्तक्षेप किया. पुलिस से उसे जाने देने के लिए कहा, क्योंकि उसने पहले ही कार की फोटो क्लिक कर ली थी. उबर ड्राइवर नाराज हो गया. कहने लगा कि तू भरेगी क्या 500 रुपये? मैंने कहा कि तुम फोन पर बात कर रहे थे. फिर उबर ड्राइवर ने मुझे धमकाना शुरू कर दिया.’
मनवा नाइक ने खतरा महसूस होने पर मदद के लिए लगाई थी गुहार
वे आखिर में लिखती हैं, ‘मैंने उसे पुलिस थाना चलने के लिए कहा. इसके बाद, उस शख्स ने एक अंधेरी जगह में उबर को रोकने की कोशिश की.’ एक्ट्रेस ने फिर उबर कस्टमर केयर को कॉल किया. एक्ट्रेस खतरा महसूस होने पर चिल्लाने लगीं, जिसके बाद 2 बाइक सवार और 1 रिक्शा चालक ने उबर को घेर लिया. कार को रोककर उन्हें बाहर निकाला. मनवा बिल्कुल सुरक्षित हैं, पर घबरा गई हैं.
मनवा नाइक ने कई मराठी फिल्मों, नाटकों और हिंदी टेलीविजन शो में अभिनय किया है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत स्टार वन टीवी शो ‘स्पेशल स्क्वॉड’ से की थी. वे ‘तीन बहुरियां’, ‘बा बहू और बेबी’ जैसे शो में दिखाई दी हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Actress, Bollywood news, Entertainment news.
FIRST PUBLISHED : October 16, 2022, 23:17 IST





