Cinema

विनीत कुमार सिंह के लिए आसान नहीं रहा ‘सिया’ में वकील की भूमिका निभाना, एक्टर ने बयां किया अपना दर्द !


विनीत कुमार सिंह (Vineet Kumar Singh) ने अपने 38वें बर्थ डे पर अपकमिंग फिल्म ‘सिया’ का ट्रेलर लॉन्च किया. ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘ मुक्काबाज’, ‘सांड की आंख’, ‘गुंजन सक्सेना’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके विनीत की इस फिल्म में छोटे कस्बे की एक लड़की की कहानी है, जो न्याय पाने की खातिर पितृसत्तात्मक व्यवस्था के खिलाफ लड़ाई लड़ती है और उसमें विनीत मदद करते हैं.  पूजा पांडे और विनीत इस फिल्म में लीड रोल प्ले कर रहे हैं और दृश्यम फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म के डायरेक्टर मनीष मुंद्रा हैं.

न्यूज 18 से खास बातचीत में विनीत कुमार सिंह ने बताया कि इस फिल्म में वकील की भूमिका निभाते हुए काफी इमोशनल हो गए. सोशल ड्रामा पर आधारित इस फिल्म में विनीत एक वकील की भूमिका में हैं जो गैंगरेप पीड़ित लड़की को न्याय दिलाते हैं. विनीत का कहना है कि एक एक्टर के तौर पर ऐसी संवेदनशील फिल्मों में आपकी जिम्मेदारी अधिक हो जाती है.

बहनों को कोई कुछ कहे तो गुस्सा आता है
विनीत कुमार सिंह ने कहा कि ‘जब आप ‘सिया’ जैसी फिल्म में काम करते हैं तो काफी इमोशनल हो जाते हैं. मेरी दो बहने हैं, मैं एक छोटे कस्बे का रहने वाला हूं, मैंने अपनी जिंदगी में कई चीजें झेली हैं. जब लोग मेरी बहनों के बारे में कुछ भी बुरा बोलते हैं तो ये असहनीय होता है और दुख होता है, गुस्सा आता है. मुझे यकीन है जिनकी भी बहनें हैं वो भी ऐसा ही सोचते होंगे. मैं ‘सिया’ जैसी फिल्म में अपने काम के माध्यम से मजबूत सामाजिक संदेश देने की कोशिश करता हूं’.


ये भी पढ़िए-Vineet Kumar Singh B’day: डॉक्टरी पढ़ने के बाद फिल्मों में आए विनीत कुमार सिंह को पता है बॉलीवुड की सच्चाई

4 फीसदी लोग ही थियेटर जाते हैं
विनीत का कहना है कि ‘हर किरदार जो आप निभाते हैं, वह आपसे बदले में कुछ लेता है. जब मैं मनीष जी से मिला था तो मेरा फिजिक एक पहलवान की तरह थी. फिर मुझे अपना वजन कम करना पड़ा, धीरे-धीरे मैं इस फिल्म के किरदार में ढल गया’. वहीं फिल्मों के न चलने पर बात करते हुए विनीत ने कहा  ‘ हम लोग 135 करोड़ की आबादी हैं लेकिन सिर्फ 4 फीसदी ही लोग सिनेमाघर में जाकर फिल्म देखते हैं. दृष्यम फिल्म्स ने ‘आंखों देखी’, ‘न्यूटन’ जैसी फिल्में बनाई है. दोनों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में बड़ा अंतर रहा जहां ‘आंखों देखी’ की कमाई 27 लाख हुई, वहीं ‘न्यूटन’ ने 22 करोड़ कमाए’. बता दें कि ‘सिया’  16 सितंबर को रिलीज की जाएगी.

Tags: Actor, Bollywood