Cinema

हंसल मेहता को है कंगना रनौत के साथ काम करने का पछतावा, बोले- मैंने ‘धाकड़’ बनाकर कर दी गलती


मुंबई. फिल्म निर्माता हंसल महता बीते 2 दिनों से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. ब्रह्मास्त्र फिल्म की टिकट को लेकर किए गए पोस्ट के बाद से उनकी लगातार खबरें देखने को मिल रही है. वहीं सोशल मीडिया पर एक फैन का भी हंसल ने जवाब दिया है. दरअसल एक फैन ने कंगना रनौत को फ्लॉप फिल्म देने को लेकर उन्हें दोषी ठहरा दिया. सोशल मीडिया यूजर ने लिखा की आपने कंगना रनौत को धाकड़ जैसी फ्लॉप फिल्म दी है. वहीं यूजर के कमेंट पर हंसल ने भी जवाब दिया.

हंसल ने कहा कि मैंने गलती कर दी थी जो कंगना को लेकर फिल्म बनाई थी. बता दें कि कंगना रनौत स्टारर फिल्म धाकड़ इसी साल रिलीज हुई थी. इस फिल्म को हंसल मेहता ने बनाया था. करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थी. बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म के सुपरफ्लॉप होने के बाद इसकी कमाई के आंकड़े तक जारी नहीं किए गए. रिपोर्ट के मुताबिक इस फिल्म ने करीब 10 करोड़ रुपये की कमाई की थी.

कंगना के साथ पहले भी फिल्म बना चुके हैं हंसल
बता दें कि इस साल रिलीज हुई धाकड़ को छोड़कर हंसल मेहता साल 2017 में कंगना को लेकर सिमरन फिल्म बना चुके हैं. ब्रह्मास्त्र को लेकर हंसल द्वारा किए गए एक ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए एक यूजर ने लिखा था, ‘आपने कंगना रनौत को फ्लॉप फिल्म दी थी, शेम ऑन यू'( “Shame on you. You gave flop film to Kangana.”). यूजर को रिप्लाई करते हुए हंसल ने कहा, ‘हां सही कहा, मुझे धाकड़ नहीं बनानी चाहिए थी’. बता दें कि हंसल मेहता की धाकड़ फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी फ्लॉप हुई थी.

कंगना की कर चुके हैं तारीफ
बता दें कि हंसल मेहता ने कंगना के साथ साल 2017 में सिमरन बनाई थी. इतना ही नहीं हंसल कंगना के काम की तारीफ भी कर चुके हैं. एक इंटरव्यू के दौरान हंसल ने कहा था कि कंगना एक शानदार अभिनेत्री हैं. लेकिन कोई भी फिल्म किसी एक व्यक्ति के बारे में नहीं हो सकती. उन्होंने खुद को सीमाओं में बांध दिया है. कई बार हमें वह भी करना होता है जिसमें हम विश्वास नहीं करते क्योंकि हर फिल्म को अपने नजरिए से देखना ठीक नहीं है.

ब्रह्मास्त्र की जमकर की तारीफ
वहीं रणबीर कपूर और आलिया भट्ट स्टारर ब्रह्मास्त्र की भी हंसल ने जमकर तारीफ की है. हंसल मेहता ने कहा कि मैंने ब्रह्मास्त्र फिल्म को काफी एंजॉय किया. शाम को टिकट नहीं मिलने के बाद अगले दिन सुबह के शो में जाकर फिल्म देखी. सुबह के समय भी थियेटर 60-70 प्रतिशत भरा हुआ था. हंसल ने कहा कि फिल्म काफी अच्छी है. सिनेमाघरों में एक बार फिर कतारें देखने को मिल रही हैं.

Tags: Kangna Ranaut