नेटफ्लिक्स पर जल्द ही आने वाली फिल्म ‘प्लान ए प्लान बी’ (‘Plan A Plan B’) में रितेश देशमुख और तमन्ना भाटिया पहली बार एक साथ नजर आएंगे. शशांक घोष द्वारा निर्देशित इस फिल्म में तमन्ना भाटिया एक मैचमेकर की भूमिका निभा रही हैं जबकि रितेश फैमिली लॉ में स्पेशलाइज्ड वकील की भूमिका में हैं. इस फिल्म में रितेश देशमुख के किरदार का नाम ‘कोस्टी’ है जो की एक डाइवोर्स लॉयर हैं वहीं तमन्ना ‘निराली’ नाम की एक मैचमेकर का किरदार निभाती नजर आती हैं. ट्रेलर की शुरुआत होती है ‘कोस्टी’ की ‘निराली’ के साथ एक मुलाकात से.
दरअसल, ट्रेलर में दिखाई देता है कि रितेश उर्फ कोस्टी तमन्ना उर्फ निराली से मिलने एक अनोखा बिजनस प्रपोजल ले कर जाते हैं. ट्रेलर में वह कहते दिखते हैं कि ” प्लान A आप लोगों की शादी करवाना, प्लान B मैं उनका तलाक करवाऊंगा.” 30 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने वाली इस रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म का ट्रेलर काफी मजेदार है.
फिल्म में दोनों दिखाई देंगे एकदम विपरीत किरदार में –
जैसा कि ट्रेलर से पता चलता है इस फिल्म में रितेश और तमन्ना एकदम विपरीत किरदार निभाते नजर आते हैं. जहां एक तरफ तमन्ना के किरदार का मानना है कि “प्यार, शादी और रिश्ते जीवन भर चलते हैं” तो वहीं इसके विपरीत रितेश फिल्म के एक सीन में कहते हैं कि “शादी एक सजा है योर ऑनर”.
ट्रेलर में नजर आती है दोनों की नोंक-झोंक –
ट्रेलर में आप दोनों को पूरे टाइम आपस में लड़ते -झगड़ते देख सकते हैं. जहां एक तरफ निराली को कोस्टी एक ‘घमंडी इंसान’ लगता है तो वहीं कोस्टी को निराली एक ‘डायन’ लगती है. इस फिल्म में दोनों प्यार और शादी के बारे में अपने अलग-अलग विचार व्यक्त करते हैं.
कॉमेडी के लिए है रितेश का सॉफ्ट कार्नर-
‘प्लान A प्लान B’ की रिलीज से पहले रितेश ने फिल्म में बहुत सारे ‘ट्विस्ट’ का वादा किया और साथ ही कहा कि “कॉमेडी के लिए हमेशा उनका एक सॉफ्ट कार्नर था और ‘प्लान A प्लान B’ एक बहुत ही यादगार अनुभव रहा है.
तमन्ना भाटिया अपने इस फिल्म के सफर के बारे में बताते हुए कहती हैं कि इस फिल्म में काम करना उनके लिए एक “यादगार जर्नी” थी. उन्होंने कहा उनके लिए इस फिल्म में काम करना एक बहुत ही मजेदार सफर था फिर चाहे वो नेटफ्लिक्स की पूरी टीम हो या फिर निर्देशक शशांक के साथ काम करना हो. उनका मानना है कि यह फिल्म हर तरह के दर्शकों को पसंद आएगी और वह बेसब्री से नेटफ्लिक्स पर इसके रिलीज का इंतजार कर रही हैं.
2005 में तमन्ना ने किया था अपना एक्टिंग डेब्यू –
बता दें कि 2005 में 15 साल की उम्र में तमन्ना ने अपना एक्टिंग डेब्यू किया था, उन्होंने फिल्म ‘चांद से रोशन चेहरा‘ से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था. इसके बाद उन्होंने तेलुगु, तमिल और हिन्दी में कई सारी फ़िल्में की हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Netflix india, Ritesh deshmukh, Tamannaah Bhatia
FIRST PUBLISHED : September 13, 2022, 21:07 IST





