राज कपूर (Raj Kapoor) ने अपनी फिल्मों से सिर्फ दौलत कमाने का काम नहीं किया, बल्कि उनकी कोशिश समाज बदलने की भी रहती थी. अगर आप हिंदी सिनेमा के शोमैन कहे जाने वाले राज कपूर की फिल्मों पर नजर डालेंगे तो उनकी फिल्मों में गरीबी, दबे कुचले वर्ग के हीरो-हीरोइन और ऊंची जाति वाले विलेन देखने को मिलते हैं. ‘आवारा’, ‘श्री 420 (Shree 420)’, ‘मेरा नाम जोकर’, ‘सत्यम शिवम सुंदरम’, ‘राम तेरी गंगा मैली’, ‘प्रेम रोग’ जैसी फिल्मों से समाज की बुराई-परेशानी को पर्दे पर दिखाने की कोशिश की थी. राज कपूर को अपनी कुछ फिल्मों के बेहद प्यार मिला, सात समंदर भी उनके प्रशंसक हुए, लेकिन कई फिल्मों के लिए आलोचना झेलनी पड़ी.
राज कपूर अपनी फिल्मों को लेकर बहुत मेहनत करते थे. फिल्म की स्क्रिप्ट, संगीत, शूटिंग से लेकर एक्टिंग की हर बारीकी पर खास नजर रखते थे. समय के साथ राज कपूर ने एक स्टूडियो बनाया, जो आरके स्टूडियो के रूप में मशहूर हुआ. इस स्टूडियो से कई बेहतरीन फिल्मों तो बनी ही तमाम किस्से भी मशहूर हुए. कहते हैं कि राज कपूर के बच्चों को सीधे आरके स्टूडियो में एंट्री नहीं थी, उन्होंने नियम बनाया था कि पहले किसी स्टूडियो में काम सीखें फिर आरके में आए.
‘श्री 420’ में नजर आए थे ऋषि कपूर
राज कपूर की साल 1955 में आई फिल्म ‘श्री 420’ भी जबरदस्त सफल हुई थी. इस फिल्म के डायरेक्टर भी राज कपूर थे और एक्टर भी.इस फिल्म से जुड़ा एक किस्सा बताते हैं. राज कपूर और नरगिस के अलावा इस फिल्म में ऋषि कपूर ने भी काम किया था. सबको लगता है कि फिल्म ‘बॉबी’ से ऋषि ने फिल्मी दुनिया में कदम रखा था, लेकिन ये सही नहीं है. इससे पहले मात्र 3 साल के ऋषि बाबा ने पहली बार इस फिल्म में काम किया था. इस फिल्म को लेकर एक बड़ा ही मजेदार किस्सा है.
ऋषि बाबा से काम करवाना था मुश्किल
दरअसल, ऋषि कपूर इतने छोटे थे कि उनसे एक्टिंग करवाना पापा राज कपूर के बस की बात नहीं थी. फिल्म के एक सीन में ऋषि बारिश में भीग रहे हैं और उन्हें अपनी आंख खुली रखनी थी और ये छोटे से बच्चे को कैसे समझाया जाए. आप फिल्म देखेंगे तो ‘प्यार हुआ इकरार हुआ’ गाने के एक सीन में तीन बच्चों को बारिश में भीगते हुए दिखाया गया है, इसमें से एक ऋषि थे’.
चॉकलेट का लालच कर गया काम
इस सीन का जिक्र खुद दिवंगत एक्टर ऋषि कपूर ने करते हुए बताया था कि ‘जब शॉट में हम तीन बच्चों को जिसमें मेरे भाई बहन भी थे, बारिश में चलना था, लेकिन पानी जैसे ही मेरे ऊपर गिरता मैं रोने लगता था, जिसकी वजह से शूटिंग नहीं हो पा रही थी. ऐसे में नरगिस जी ने कहा कि अगर तुम अच्छे से शॉट दोगे और आंख खुली रखोगे तो मैं तुम्हें चॉकलेट दूंगी. चॉकलेट के लिए मैंने अपनी जिदंगी का पहला शॉट कर दिखाया’.
ये भी पढ़िए-10 Years Of Barfi: 10 साल पहले भी खूब चर्चा में थे रणबीर कपूर , प्रियंका चोपड़ा को ‘बर्फी’ में दी थी मात
‘श्री 420’ सारे गाने थे सदाबहार
फिल्म ‘श्री 420’ में शंकर-जयकिशन ने शानदार संगीत देकर फिल्म को यादगार बना दिया. इस फिल्म के सारे गाने ‘दिल का हाल सुने दिलवाला’ से लेकर ‘ईचक दाना’ , ‘मेरा जूता है जापानी’, ‘मुड़ मुड़ के ना देख’, ‘ओ जाने वाले’, ‘रमैया वस्तावैया’ तक, हर गाने ऐसे बने कि संगीत प्रेमी इन्हें आज भी भूल नहीं पाते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Entertainment Throwback, Nargis, Raj kapoor, Rishi kapoor
FIRST PUBLISHED : September 15, 2022, 06:00 IST





