मुंबई. साल 2019 में आयुष्मान खुराना और नुसरत भरूचा स्टारर फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ लोगों को काफी पसंद आई थी. अब इस फिल्म का सीक्वल भी जल्द ही दर्शकों को गुदगुदाने वाला है. फिल्म निर्माताओं ने ‘ड्रीम गर्ल 2’ की रिलीज डेट फाइनल कर दी है. साथ ही इस फिल्म का टीजर भी रिलीज कर दिया गया है. इस फिल्म में आयुष्मान खुराना के साथ अनन्या पांडे इश्क लड़ाती नजर आएंगी.
बालाजी मोशन पिक्चर द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह फिल्म 29 जून 2023 को वर्ल्ड वाइड रिलीज की जाएगी. इस फिल्म को राज शांडिल्य डायरेक्ट करेंगे और प्रोड्यूसर एकता कपूर रहेंगी. कोरोना महामारी के लंबे अंतराल के बाद राज शांडिल्य और एकता कपूर फिर से साथ में काम करने जा रहे हैं.
लोगों को पसंद आई थी ‘ड्रीम गर्ल’
इससे पहले 2019 में ‘ड्रीम गर्ल’ फिल्म रिलीज की गई थी. इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और नुसरत भरूचा ने लीड रोल निभाया था. इस रॉमकॉम फिल्म ने दर्शकों को खूब गुदगुदाया था और यह पर्दे पर बड़ी हिट साबित हुई थी. इतना ही नहीं साल की सबसे शानदार कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में भी आगे रही थी. इसी को देखते हुए इस फिल्म का सीक्वल बनाया जा रहा है. ‘ड्रीम गर्ल 2’ में आयुष्मान के साथ अनन्या पांडे नजर आएंगी.
यह रहेगी स्टार कास्ट
इस फिल्म में आयुष्मान के साथ कई सीनियर अभिनेता भी नजर आएंगे. बालाजी मोशन पिक्चर्स द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस फिल्म में अनु कपूर, परेश रावल, विजय राज, मनोज जोशी, राजपाल यादव, सीमा पाहवा और अभिषेक बेनर्जी अभिनय करते नजर आएंगे.
यह रहेगी कहानी
‘ड्रीम गर्ल 2’ की कहानी मथुरा में रहने वाले लड़के करम (आयुष्मान खुराना) के इर्द गिर्द घूमती है. छोटे शहर का लड़का करम अपनी सीरियस जिंदगी की उधेड़बुन में उलझा रहता है. इसी दौरान उसे परी (अनन्या पांडे) से प्यार हो जाता है. पिछली फिल्म की तरह करम को अपनी जीविका के लिए पूजा बनना पड़ता है. इस बात का खुलासा परी के सामने होता है तो करम की जिंदगी में भूचाल आना शुरू हो जाता है. करम की जिंदगी के उधेड़बुन और परिस्थियों से लड़ाई और समझौते के बीच गढ़ी यह रोमांटिक कॉमेडी दर्शकों को पसंद आने की उम्मीद है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Ananya Pandey, Bollywood news
FIRST PUBLISHED : September 16, 2022, 17:01 IST





