बॉलीवुड के ‘मिस्टर परफेक्शनिस्ट’ आमिर खान (Aamir Khan) की फिल्मों से लोगों को काफी उम्मीदें होती हैं. लोग उनकी फिल्मों का बेसब्री से इंतजार करते हैं हालांकि उनकी हालिया रिलीज हुई फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ (Laal Singh Chaddha) बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई. वहीं यह ऑडियंस और क्रिटिक्स को इम्प्रेस करने में नाकाम साबित हुई. इन्हीं सबके बीच अब आमिर खान के भाई फैसल खान (Faisal Khan) ने ‘लाल सिंह चड्ढा’ को लेकर बातें की और कहा कि उन्हें उनके भाई की यह फिल्म कुछ खास नहीं लगी.
हाल ही में ETimes को दिए एक इंटरव्यू में फैसल खान ने कहा कि उन्होंने फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ रिलीज के तुरंत बाद नहीं देखी थी और साथ ही उन्होंने इस बात को स्वीकारा की उन्हें फिल्म कुछ खास पसंद नहीं आई. हालांकि बाद में उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म के कुछ पार्ट्स काफी अच्छे हैं.
आमिर को बेहतर स्क्रिप्ट का चयन करना चाहिए था-
बातचीत में फैसल ने आमिर खान को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अपनी वापसी के लिए किसी शानदार स्क्रिप्ट का चयन करना चाहिए. रिपोर्ट के अनुसार, फैजल ने कहा, ‘चार साल बाद किसी फिल्म के साथ वापसी कर रहे थे तो उन्हें एक बेहतर स्क्रिप्ट का चयन करना चाहिए था. ‘लाल सिंह चड्ढा’ में आमिर खान करीना कपूर (Kareena Kapoor) और मोना सिंह (Mona Singh) जैसे एक्टर्स के साथ आने से फिल्म से लोगों की उम्मीदें भी काफी बढ़ गई थीं. लेकिन अफसोस ये है कि यह फिल्म ऑडियंस को डिलीवर नहीं कर पाई.
आजादी को कुर्बान नहीं करना चाहते फैजल
कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ फैसल खान को इस साल बिग बॉस का ऑफर मिला था. उन्होंने शो के ऑफर को यह कहते हुए ठुकरा दिया कि “शो में पार्ट लेना खुद को कैद करने जैसा होगा. वह पहले ही एक बार अपने भाई आमिर खान द्वारा कैद किए जा चुके हैं और दोबारा वह किसी भी कीमत पर अपनी आजादी को कुर्बान नहीं करना चाहेंगे.”
बता दें 2008 में फैसल खान ने अपने भाई आमिर खान पर उन्हें नजरबंद कर गलत दवाएं देने का आरोप लगाया था. तभी से दोनों के रिश्तों में दरार पड़ गई थी. हालांकि अभी हाल ही में दिए इंटरव्यू में फैसल ने कहा कि वह अपने भाई आमिर खान से कभी- कभी बात करते हैं और दोनों के आपसी रिश्ते पहले से बेहतर हैं.
वहीं वर्क फ्रंट की बात करें तो रिपोर्ट्स के मुताबिक आमिर खान जल्द ही स्पेनिश फिल्म ‘कैम्पियोन’ पर आधारित एक फिल्म में नजर आ सकते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Aamir khan, Bollywood news, Entertainment, Faisal Khan
FIRST PUBLISHED : September 20, 2022, 14:17 IST





