गुलशन ग्रोवर (Gulshan Grover) ने बॉलीवुड फिल्मों में निगेटिव कैरेक्टर प्ले कर जबरदस्त स्टारडम हासिल किया है. कई बार तो ऐसा लगता है कि गुलशन की पर्सनैलिटी को ध्यान में रखकर कैरेक्टर लिखे जाते हैं. हर सीन को इस कदर निभाते हैं कि दर्शकों की नफरत बटोरने में कामयाब हो जाते हैं. ‘ बैडमैन’ के नाम से मशहूर गुसशन 21 सितंबर 1955 में पैदा हुए और जब फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा तो अपनी अदाकारी से सिर्फ भारत ही नहीं सात समंदर पार भी अपने अभिनय से दर्शकों को मुरीद बना लिया. किस्से कहानियों में हम कई लोगों की सफलता की कहानी पढ़ते रहते हैं. फर्श से अर्श तक पहुंचने वालों में एक नाम गुलशन ग्रोवर का भी है. पर्दे पर भले ही गुलशन निगेटिव रोल प्ले कर लोगों के दिल में खौफ पैदा करते हैं,लेकिन इनकी असल जिंदगी बेहद सीख देने वाली है. आज एक्टर के जन्मदिन पर बताते हैं इनकी सफलता की कहानी.
करीब 400 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके गुलशन ग्रोवर का बचपन मुश्किल भरा था. आज के सफल विलेन एक्टर ने अपने जीवन में बेहद गरीबी का सामना कर चुका है. भारत पाकिस्तान विभाजन के दौरान बिशांभर नाथ ग्रोवर और रामराखी ग्रोवर अपने बच्चों समेत पाकिस्तान से भारत आए थे. उस दौर में गुलशन के परिवार ने बेहद गरीबी और मुश्किल भरे दिन काटने पड़े थे. कई बार तो ऐसे हालत हो गए थे कि भूखे भी सोना पड़ा था. लेकिन आज पॉ़पुलैरिटी ऐसी की लोग एक झलक पाने के लिए बेकरार रहते हैं.
गुलशन ग्रोवर की लाइफ काफी प्रेरक है. (फोटो साभार: gulshangrover/Instagram)
गरीबी ने गुलशन को मजबूत बनाया
मीडिया से बात करते हुए खुद एक बार गुलशन ग्रोवर ने बताया था कि ‘सुबह होते ही अपने बस्ते में स्कूल की यूनिफॉर्म रखकर घर से निकलते थे. बड़ी-बड़ी कोठियों में बर्तन और कपड़े धोने वाला डिटर्जेंट पाउडर बेचा करते थे. इसे बेचकर जो पैसा कमाते उससे स्कूल का खर्च निकालते थे. लेकिन गरीबी ने मुझे मजबूत बनाया. मेरे पिता ने हमेशा ईमानदारी और मेहनत के रास्ते पर चलना सिखाया’.
‘राम-लखन’ में उनका तकिया कलाम था ‘बैड मैन’
दिल्ली में पढ़ाई के बाद गुलशन ग्रोवर जब मुंबई आए तो यहां भी काफी दिन तक मुश्किल भरे हालात रहे. गुलशन ने जब रोशन तनेजा के एक्टिंग स्कूल में दाखिला लिया. कोर्स के दौरान ही तय कर किया था कि वो नायक नहीं खलनायक बनेंगे. बेहतरीन अदायगी से गुलशन ग्रोवर ने तो सैकड़ों फिल्मों मे काम किया लेकिन ‘राम-लखन’ में उनका तकिया कलाम ‘बैड मैन’ को दर्शकों ने खूब पसंद किया. इस फिल्म के बाद तो उन्हें बैडमैन के नाम से ही पुकारा जाने लगा. अब तो बैडमैन बनाने की क्लास भी ले रहे हैं.
गुलशन ग्रोवर एक मंझे हुए कलाकार हैं
गुलशन ग्रोवर ने कई यादगार फिल्मों में काम किया है. इसमें ‘सोनी महिवाल’ , ‘दूध का कर्ज’ ,’इज्जत’, ‘सौदागर’ , ’कुर्बान’ ,’क्रिमनल’ ,’मोहरा’ , ‘हेराफेरी’ , ‘दिल मांगे मोर’, ‘कर्ज’ , ‘बिन बुलाये बाराती’,’ यारियां’, ‘मुंबई सागा’ रिलीज हुई है. बॉलीवुड के साथ साथ हॉलीवुड की भी कई फिल्मों में काम किया है. जिनमें ‘माइ हॉलीवुड ब्राइड’, ‘प्रिजनर्स ऑफ द सन’ और ‘ब्लाइंड एम्बिशन’ जैसी फिल्मों में अपनी जबरदस्त अदाकारी दिखाई हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Bollywood Birthday, Gulshan grover
FIRST PUBLISHED : September 21, 2022, 07:30 IST





