अयान मुखर्जी की ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 1: शिवा’ रिलीज होने के बाद से ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. मेकर्स ने इस सिलसिले को बरकरार रखते हुए इसका गाना ‘रसिया’ (Rasiya) रिलीज किया है, जबकि फिल्म में यह गाना बजाया गया था, जिसका पूरा वर्जन शनिवार 24 सितंबर को यूट्यूब पर रिलीज कर दिया गया.
‘रसिया’ प्यार की ताकत और उससे पैदा होने वाली संभावनाओं का एहसास कराता है. गाना रणबीर कपूर और आलिया भट्ट पर फिल्माया गया है, जिसे प्रीतम ने कंपोज किया है और अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखा है. श्रेया घोषाल और तुषार जोशी की आवाज में यह गाना बेहद शानदार है. फिल्म की रिलीज के बाद से फैंस गाने ‘रसिया’ का इंतजार कर रहे थे.
दर्शकों की मांग पर रिलीज हुआ गाना ‘रसिया’
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तुषार ने ट्रैक के बारे में बात करते हुए एक बयान में कहा था, ‘रसिया फिल्म का एक सैंपल ट्रैक था और मैं इस गाने के लिए मिल रही प्रतिक्रियाओं और प्यार से अभिभूत हूं. दर्शकों की मांग के कारण ही यह गाना विशेष रूप से फिल्म रिलीज के बाद जारी किया जा रहा है. ‘रसिया’ को आवाज देना एक शानदार अनुभव रहा है.’
आत्मा को छू जाता है गाना ‘रसिया’
श्रेया घोषाल ने गाने को लेकर कहा, ‘प्रीतम दा के साथ काम करना हमेशा से एक सुखद अनुभव रहा है. साल की सबसे बड़ी फिल्म का हिस्सा बनना खास है और मुझे खुशी है कि लोगों की डिमांड पर अब पूरा गाना उपलब्ध है. मुझे गाना रिकॉर्ड करने में बहुत मजा आया. यह ट्रैक आत्मा को छू जाता है और मुझे विश्वास है कि दर्शक रसिया को खूब प्यार देंगे.’
‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 2: देव’ दिसंबर 2025 तक रिलीज होगा
प्रीतम ने कहा, ‘मुझे रसिया को कंपोज करने में बहुत आनंद आया. मुझे काफी उम्मीद है कि प्रशंसकों को भी गाना पसंद आएगा.’ बता दें कि फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 1: शिवा’ 9 सितंबर को रिलीज हुई थी. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कई रिकॉर्ड तोड़ चुकी है. फिल्म तीनों भागों में रिलीज होगी. अयान ने बताया है कि ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 2: देव’ दिसंबर 2025 तक रिलीज की जाएगी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Alia Bhatt, Brahmastra movie, Ranbir kapoor
FIRST PUBLISHED : September 24, 2022, 16:49 IST




