बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) उन स्टार्स में से हैं, जो सिर्फ फिल्मी मुद्दों पर ही नहीं राजनीतिक मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रखती हैं. अपने इसी धाकड़ अंदाज के चलते कंगना रनौत कई बार मुश्किलों में भी फंस चुकी हैं और कई बड़े राजनेताओं के निशाने पर भी आ चुकी हैं. सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद पूर्व महाराष्ट्र मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर टिप्पणी कर कंगना रनौत ने हर तरफ हलचल मचा दी थी. इसी के बाद से अभिनेत्री के चुनाव लड़ने की चर्चाएं भी तेज हो गईं. एक बार फिर चर्चा है कि कंगना रनौत उत्तर प्रदेश के मथुरा से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं, जिस पर अब मथुरा सीट से सांसद हेमा मालिनी (Hema Malini) ने भी प्रतिक्रिया दी है.
हेमा मालिनी दो बार मथुरा सीट से चुनाव जीत चुकी हैं. जब हेमा मालिनी से कंगना रनौत के चुनाव लड़ने की अटकलों पर सवाल किया गया तो अभिनेत्री ने तंज भरे अंदाज में जवाब दिया. दिग्गज अभिनेत्री ने यहां तक कह दिया कि ‘कल को राखी सावंत भी सांसद बन जाएंगीं.’ हेमा मालिनी का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वीडियो में जब हेमा मालिनी से कंगना रनौत के मथुरा से चुनाव लड़ने पर सवाल किया जाता है तो वह कहती हैं- ‘अच्छी बात है, मेरा विचार भगवान के ऊपर है. अगर कोई और यहां का सांसद बनना चाहेगा, तो आप बनने ही नहीं देंगे. सबके दिमाग में ऐसा ही डाल रखा है कि आप मथुरा में केवल फिल्मी सितारे चाहते हैं. कल राखी सावंत भी बनेंगी.’
#WATCH | Mathura, Uttar Pradesh: When asked about speculation that actor Kangana Ranaut could contest elections from Mathura, BJP MP Hema Malini says, “Good, it is good…You want only film stars in Mathura. Tomorrow, even Rakhi Sawant will become.” pic.twitter.com/wgQsDzbn5Z
— ANI (@ANI) September 24, 2022
दरअसल, बीते दिनों कंगना रनौत अपने परिवार के साथ वृंदावन में मंदिर के दर्शन करने पहुंची थीं. वहां उन्होंने पूजा की और समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा- ‘यह हमारा सौभाग्य है कि हमें भगवान कृष्ण और मां राधा के दर्शन करने का सौभाग्य मिला. मैं यहां भगवान कृष्ण का आशीर्वाद लेने आई हूं, क्योंकि मैंने अपनी फिल्म इमरजेंसी की शूटिंग खत्म कर ली है.’ इसी बीच जब उनसे राजनीति से जुड़े सवाल किए गए तो उन्होंने जवाब देने से इनकार कर दिया.
बता दें, आने वाली फिल्म ‘इमरजेंसी’ में कंगना रनौत पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के किरदार में नजर आएंगी. इस फिल्म में उनके साथ अनुपम खेर भी नजर आएंगे, जो फिल्म में ‘जयप्रकाश नारायण’ के किरदार में होंगे. इसके अलावा श्रेयस तलपड़े, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के किरदार में, महिमा चौधरी लेखिका ‘पुपुल जयकर’ के किरदार में और मिलिंद सोमन ‘सैम मानेकशॉ’ के किरदार में होंगे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Bollywood, Hema malini, Kangana Ranaut
FIRST PUBLISHED : September 24, 2022, 21:14 IST





