कंगना रनौत (Kangana Ranaut) बीते कुछ सालों से हर तरफ छाई हुई हैं. बीच-बीच में अभिनेत्री के चुनाव लड़ने की भी चर्चाएं हो रही हैं, जिस पर हाल ही में बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री और मथुरा से सांसद हेमा मालिनी (Hema Malini) की प्रतिक्रिया पूछी गई. इस पर हेमा मालिनी नाराज होती देखी गईं और उन्होंने कंगना रनौत के चुनाव लड़ने के सवाल पर तंज भरा जवाब दिया और राखी सावंत को भी अपने जवाब में शामिल कर लिया. सोशल मीडिया पर देखते ही देखते हेमा मालिनी का यह वीडियो वायरल होने लगा. जिस पर अब राखी सावंत (Rakhi Sawant) ने रिएक्शन दिया है.
राखी सावंत ने अपना एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि राजनीति में उनका आना एक सीक्रेट था. लेकिन, वह हेमा मालिनी की शुक्रगुजार रहेंगी, जो उन्होंने उनके लिए ये शब्द कहे. राखी सावंत ने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में हमेशा की तरह राखी अपने अलग अंदाज में जवाब देती देखी जा सकती हैं.
राखी सावंत ने हेमा मालिनी के वीडियो पर रिएक्शन देते हुए कहा – ‘आज मैं इतनी खुश हूं, असल में ये एक सीक्रेट था. मैं 2024 में चुनाव लड़ने वाली हूं. इस बात का ऐलान मोदी जी और अमित शाह जी करने वाले थे. लेकिन, मैं खुशनसीब हूं की मेरी ड्रीम गर्ल, मेरी हेमा मालिनी जी ने इस बात का ऐलान खुद किया कि मैं चुनाव लड़ने वाली हूं. असल में मोदी जी और अमित शाह जी इस बात का ऐलान करने वाले थे, लेकिन हेमा जी ने कहा मेरे लिए एक ही बात है. मैं स्मृति ईरानी पार्ट 2 बनने वाली हूं. हां मैं चुनाव लड़ने वाली हूं. आप सब मेरा साथ देंगे ना? हेमा जी आपने मेरे लिए इतना अच्छा बयान दिया, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद.’
क्या बोली थीं हेमा मालिनी?
दरअसल, हाल ही में जब हेमा मालिनी से कंगना रनौत के मथुरा से चुनाव लड़ने पर सवाल किया जाता है तो वह कहती हैं- ‘अच्छी बात है, मेरा विचार भगवान के ऊपर है. अगर कोई और यहां का सांसद बनना चाहेगा, तो आप बनने ही नहीं देंगे. सबके दिमाग में ऐसा ही डाल रखा है कि आप मथुरा में केवल फिल्मी सितारे चाहते हैं. कल राखी सावंत भी बनेंगी.’
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Bollywood, Hema malini, Rakhi sawant
FIRST PUBLISHED : September 25, 2022, 18:30 IST





