बॉलीवुड स्टार आयुष्मान खुराना (Ayushmann Khurrana) सभी के लिए एक सरप्राइज लेकर आए हैं, दरअसल अभिनेता ने अपनी आने वाली फिल्म ‘डॉक्टर जी’ (Doctor G) के ‘ओ स्वीटी स्वीटी’ गाने की एक झलक साझा की है. इस गाने की खास बात यह है कि इसे खुद आयुष्मान ने गाया है. यह गाना निश्चित रूप से आपके दिलों को पिघला देने वाला है और आपको पूरे गाने को देखने के लिए उत्साहित करने वाला है.
‘ओ स्वीटी स्वीटी’ राज शेखर के लिखे गाने को अमित त्रिवेदी ने बहुत अच्छा म्यूजिक दिया है. इस गाने में आयुष्मान खुराना की आवाज एक जादू करती है और इसी के साथ यह गाना एक विजुअल ट्रीट बनकर सामने आया है, जो संगीत प्रेमियों को एक लाइव प्रदर्शन का एहसास देता है.
क्योंकि यह गीत असल में अभिनेता के दिल के करीब है, इसलिए वह इसे जल्द से जल्द ऑडियंस के साथ शेयर करने के लिए बहुत उत्साहित हैं. टीम ‘डॉक्टर जी’ एंड जंगली पिक्चर्स ने गाने के स्निपेट को जारी कर ऑडियंस के उत्साह को बढ़ा दिया है.
सुमित सक्सेना, सौरभ भारत, विशाल वाघ और अनुभूति कश्यप द्वारा लिखित ‘डॉक्टर जी’ 14 अक्टूबर को थिएटर में रिलीज होने के लिए तैयार है. इस फिल्म में आयुष्मान खुराना के साथ रकुल प्रीत सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी. यह दोनों कलाकार इस फिल्म में डॉक्टर का किरदार निभा रहे हैं.
‘विक्की डोनोर’ से किया था बॉलीवुड डेब्यू-
आयुष्मान खुराना ने 2012 में रोमांटिक ड्रामा फिल्म ‘विक्की डोनर’ से बॉलीवुड में कदम रखा था. इस फिल्म के लिए उन्हें ‘फिल्म फेयर फॉर बेस्ट डेब्यू’ से नवाजा गया था. इसके बाद आयुष्मान खुराना ने एक से बढ़ कर एक ‘अनकंवेंशनल’ और हिट फिल्में दी हैं. ‘दम लगा के हईशा’, ‘बरेली की बर्फी’, ‘शुभ मंगल सावधान’, ‘आर्टिकल 15’ जैसी फिल्मों के लिए आयुष्मान खुराना को कई सारे अवार्ड्स से नवाजा गया है.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Ayushmann Khurrana, Doctor G, Entertainment news., Rakul preet singh
FIRST PUBLISHED : September 29, 2022, 06:26 IST





