राजेश खन्ना (Rajesh Khanna) की शख्सियत का जादू ऐसा था कि कई लोग उनसे प्रेरित होकर एक्टर बनने के लिए मुंबई चले आए थे. ऐसा कहा जाता है कि अमिताभ बच्चन भी राजेश खन्ना को देखकर फिल्मों में आने के लिए प्रेरित हुए थे. राजेश खन्ना स्टारडम का स्वाद चखने वाले बॉलीवुड के पहले सितारे हैं. उन पर स्टारडम का ऐसा असर हुआ था कि वे खुद को भगवान के बराबर समझने लगे थे.
राजेश खन्ना का स्टारडम देखकर लोग कहते भी थे कि ‘ऊपर आका, नीचे काका’. एक्टर के करोड़ों चाहने वाले हैं. कभी उनके घर के बाहर निर्माता-निर्देशक लाइन लगाकर खड़े रहते थे. ऐसे में उनका दिमाग थोड़ा बहुत खराब हो जाए तो यह कोई बड़ी बात नहीं मानी जाएगी. आलम ये था कि फिल्ममेकर मुहमांगी रकम देने के लिए तैयार रहते थे, क्योंकि सबको पता था कि राजेश पर पैसा लगाने का मतलब मालामाल हो जाना है.
राजेश खन्ना ने चखा था सफलता-असफलता का स्वाद
जब इंसान बहुत नाम-दाम कमा लेता है तो उसका अहंकार भी बढ़ जाता है. राजेश की सफलता चरम पर थी तो धीरे-धीरे उनकी मनमानी करने लगे. एक्टर ने उस समय की कई फिल्मों को ठुकरा दिया था. जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा. राजेश खन्ना की आदतों की वजह से मनमोहन देसाई, ऋषिकेश मुखर्जी और शक्ति सामंत जैसे कई बड़े फिल्म डायरेक्टर उन्हें अपनी फिल्मों में लेना छोड़ने लगे थे. इस तरह एक दिन ऐसा आया कि उनका स्टारडम छिन गया.
राजेश खन्ना समझने लगे थे खुद को भगवान
राजेश खन्ना ने मूवी मैग्जीन को दिए एक इंटरव्यू में अपना दिल खोलकर रख दिया था. अपने तूफानी स्टारडम से नाकामी के अंधेरों तक को याद करते हुए कबूल किया था कि मैं अपने आप को भगवान के बराबर समझने लगा था. मुझे अब भी वो पल याद है जब मुझे अंदाजा हुआ कि जबरदस्त सफलता आपको किस तरह हिला कर रख देती है. अगर आप पर इसका असर नहीं होता तो आप इंसान नहीं हैं.’ राजेश खन्ना को भले ही अहंकारी और समय का ख्याल नहीं रखने वाला माना जाता है, लेकिन वह दिल के बहुत साफ भी थे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Rajesh khanna
FIRST PUBLISHED : September 30, 2022, 20:44 IST





