पाकिस्तानी कलाकार हाल ही के दिनों में तब ट्रोल्स के निशाने पर आ गए जब वह एक अवॉर्ड शो में हिस्सा लेने के लिए विदेश चले गए. जबकि, पाकिस्तान बाढ़ की मार झेल रहा था. इस बार पड़ोसी राज्य में आई बाढ़ ने पूरे देश को हर तरह से प्रभावित किया. करोड़ों का नुकसान और हजारों लोग बेघर हो गए. दूसरी तरफ, तमाम सितारे अवॉर्ड शो में हिस्सा लेने के लिए टोरंटो पहुंच गए. ऐसे में सोशल मीडिया पर सेलेब्स को खूब खरी-खोटी सुनाई गई. जिस पर अब पाकिस्तान की टॉप एक्ट्रेस माहिरा खान (Mahira Khan) ने भी प्रतिक्रिया दी है. दरअसल, माहिरा खान ने भी इस शो में हिस्सा लिया था, जिसे लेकर वह भी ट्रोल्स के निशाने पर आ गई थीं.
अवॉर्ड शो में हिस्सा लेने के लिए विदेश जाने पर खरी-खोटी सुनाए जाने पर माहिरा खान ने अपना पक्ष रखा है. उन्होंने इसके लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया और एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने एक ऐसे यूजर को जवाब दिया है, जिसने अवॉर्ड शो में पहनी ड्रेस और बाढ़ प्रभावित पाकिस्तान को लेकर उन पर तंज कसा था. इसी पर अब माहिरा ने रिएक्शन दिया है.
माहिरा खान ने इस यूजर को जवाब देते हुए कहा कि कलाकारों का कुछ भी करना, कभी भी सही नहीं होता. उन्होंने आगे कहा कि अगर वह पीड़ितों की मदद करते हुए फोटो लेंगी और सोशल मीडिया पर इसे पोस्ट करेंगी तो इस पर भी उन्हें ट्रोल किया जाएगा और इसे दिखावा कहा जाएगा.
माहिरा खान का ट्रोल को जवाब. (फोटो साभारः ट्विटरः @TheMahiraKhan)
माहिरा अपने ट्वीट में लिखती हैं- ‘हमारे लिए कुछ भी करना ठीक नहीं होता है.आपके देश के कलाकार! मैं अपना काम कर रही हू्ं और करती रहूंगी. अग आप इससे खुश हैं तो मैं मदद करते हुए कुछ तस्वीरें ले सकती हूं. ओह, लेकिन तब ये कहा जाएगा कि दान करने का दिखावा कर रही है. इस तरह की कड़वी बातें कभी खत्म नहीं होंगी. आपको जो करना है करिए, मुझे जो करना है मैं करूंगी.’
माहिरा खान के इस ट्वीट के बाद कई पाकिस्तानी सेलिब्रिटी उनके समर्थन में आ गए हैं. कई ने अभिनेत्री की तारीफ की है और खुलकर अपनी बात रखने के लिए उनका समर्थन किया है. बता दें, हाल ही में पाकिस्तानी ड्रामा चैनल हम टीवी की ओर से टोरंटो में एक अवॉर्ड फंक्शन आयोजित किया गया था, जिसमें कई पाकिस्तानी सेलेब्स ने शिरकत की थी. इसी पर कुछ यूजर्स ने नाराजगी जाहिर की थी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Entertainment, Mahira Khan
FIRST PUBLISHED : October 01, 2022, 19:54 IST





