हाइलाइट्स
फिल्म ‘गांधी’ को होने वाले हैं 40 साल.
बेन किंग्स्ले के जेहन में आज है गांधी का किरदार.
मोहनदास कर्मचंद गांधी (Mohandas Karamchand Gandhi), एक ऐसा नाम जो किसी पहचान का मोहताज नहीं. ना सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया में इस नाम की पहचान रही है. भारत के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने जो काम देश के लिए किए वह आज भी याद किए जाते हैं. यही कारण है कि बॉलीवुड भी इस व्यक्तित्व के प्रभाव से अछूता नहीं रहा है. बॉलीवुड में समय समय पर गांधी को लेकर विभिन्न फिल्में बनी हैं. किसी में उनके प्रयासों को तो किसी में उनकी शिक्षा को दिखाया गया. क्या आपको उन पर बनी फिल्म ‘गांधी’ (Gandhi) याद है? निश्चित तौर पर याद होगी, यह भारतीय सिनेमा की उन फिल्मों में से एक है, जो आज भी अलग पहचान रखती है. खास बात यह है कि आगामी 30 नवम्बर को यह फिल्म 40 साल पूरे कर रही है.
गांधी के जीवन के हर पहलु को अलग अंदाज में दिखाने वाली यह फिल्म दिल्ली में 30 नवम्बर 1982 को रिलीज हुई थी. इसके बाद 3 दिसम्बर 1982 को यह यूके में रिलीज हुई. इस फिल्म में गांधी की भूमिका बेन किंग्स्ले (Ben Kingsley) ने निभाई थी. अंग्रेज अभिनेता ने जब गांधीजी के किरदार को इस फिल्म के जरिए जीवंत किया तो हर कोई तारीफ कर उठा. अभिनेता किंग्स्ले के जेहन में इस फिल्म की यादें आज भी ताजा हैं.
गांधी का सफल व्यक्तित्व था सफलता का कारण
ऑस्कर अवॉर्ड से सम्मानित निर्देशक रिचर्ड एटनबरो ने इस फिल्म का निर्माण किया था. गांधी के जीवन पर आधारित यह फिल्म सिनेमाई पहलु से तो बेहतर थी ही, व्यावसायिक दृष्टि से भी फिल्म हिट रही थी. इस फिल्म को आठ ऑस्कर अवॉर्ड मिले थे. फिल्म में गांधी की भूमिका निभाने वाले बेन किंग्स्ले से जब इस फिल्म को लेकर सवाल किया गया तो उनका कहना था, यह फिल्म सफल हुई क्योंकि गांधीजी का व्यक्त्त्वि सफल था. लोग उनसे दिल से जुड़े हुए थे. लोगों के मन में उनके लिए काफी आस्था थी और वे बड़े पर्दे पर उनके व्यक्तित्व को देखना चाहते थे. यही कारण रहा कि यह फिल्म एक अलग मुकाम पर पहुंची. इस फिल्म के दौरान गांधीजी को समझना मेरे लिए भी कलाकार के तौर पर काफी उपयोगी रहा. इस फिल्म में गांधीजी के किरदार को बेहतर तरीके से निभाने में मेरा थिएटर का अनुभव काफी काम आया था.
इस फिल्म में किंग्स्ले के अलावा रोहिणी हट्टंगड़ी ने कस्तूरबा गांधी की भूमिका निभाई थी. इसके अलावा रोहन सेठ, सईद जाफरी, ओम पुरी, पंकज कपूर, अमरीश पुरी आदि कलाकारों ने भी अहम भूमिका निभाई थी. 26 नवम्बर 1980 को इस फिल्म की शूटिंग शुरू हुई थी और 10 मई 1981 को यह फिल्म समाप्त हुई थी. फिल्म की कुछ शूटिंग बिहार में भी की गई थी.
बता दें कि इस खास फिल्म के अलावा भी बॉलीवुड में गांधी पर कई फिल्में बन चुकी हैं. इनमें ‘हे राम’, ‘नाइन ऑवर्स टू रामा’, ‘सरदार’, ‘मेकिंग ऑफ महात्मा गांधी’, ‘डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर’, ‘गांधी माय फादर’, ‘महात्मा’, ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ आदि कई फिल्में शामिल हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Gandhi Jayanti, Sanjay dutt
FIRST PUBLISHED : October 02, 2022, 07:00 IST




