हाइलाइट्स
‘विक्रम वेधा’ की दूसरे दिन हुई बेहतर कमाई.
वीकेंड पर फिल्म के बिजनेस पर पड़ा असर.
बॉलीवुड (Bollywood) में शुक्रवार का दिन खास होता है. इस दिन फिल्म की किस्मत का फैसला दर्शक करते हैं. बीते शुक्रवार ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan) और सैफ अली खान (Saif Ali Khan) अभिनीत फिल्म ‘विक्रम वेधा’ (Vikram Vedha) रिलीज हुई थी. इस फिल्म की टक्कर मणि रत्नम की फिल्म ‘पोन्नियन सेलवन’ से हुई थी. साउथ स्टार्स से सजी ‘पीएस 1’ (PS 1) को पहले दिन फायदा मिला और इसका कलेक्शन ‘विक्रम वेधा’ से ज्यादा रहा. लेकिन दूसरे दिन ‘विक्रम वेधा’ दर्शकों का ध्यान खींचने में कामयाब हुई. फिल्म को वीकेंड का फायदा मिला और दर्शक संख्या में इजाफा हुआ.
ट्रेड विश्लेषकों के अनुसार दूसरे दिन यानी शनिवार को दर्शकों ने ‘विक्रम वेधा’ के प्रति रुचि दिखाई. फिल्म को माउथ पब्लिसिटी का फायदा मिला और हिन्दी दर्शकों ने ‘पीएस 1’ की बजाय ‘विक्रम वेधा’ को देखना प्रिफर किया. इसका फायदा सीधे तौर पर ‘विक्रम वेधा’ के व्यवसाय को हुआ. जानकारी के अनुसार, फिल्म के कलेक्शन में 20 से 25 प्रतिशत ग्रोथ हुई है. दूसरे दिन फिल्म के 12.70 करोड़ रुपये कमाए जाने का अनुमान है. बताया जा रहा है कि फिल्म ने दो दिन में 23 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है.
‘लाल सिंह चड्ढा’ से निकली आगे
दूसरे दिन कमाई के मामले में ‘विक्रम वेधा’ ने आमिर खान (Aamir Khan) की फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ को पीछे छोड़ दिया है. आमिर की फिल्म ने दूसरे दिन सात करोड़ की कमाई की थी. वहीं, ‘विक्रम वेधा’ ने दूसरे दिन 12 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. फिल्म में ऋतिक रोशन एक अपराधी की भूमिका में हैं और सैफ अली खान पुलिस के किरदार में हैं. फिल्म में ऋतिक का अलग अंदाज दर्शकों को आकर्षित कर रहा है.
उधर, खबर है कि ‘विक्रम वेधा’ को ओवरसीज में एक मिलियन यूएस डॉलर की ओपनिंग मिली है. बता दें कि ‘विक्रम वेधा’ तमिल में इसी नाम से बनी फिल्म का हिन्दी रीमेक है. ओरिजिनल फिल्म में विजय सेतुपति और आर माधवन ने अहम भूमिका निभाई थी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Aamir khan, Hrithik Roshan, Saif ali khan
FIRST PUBLISHED : October 02, 2022, 14:43 IST




