वाल्मीकि रचित रामायण से जुड़े दो प्रसंग इन दिनों इंटरनेट पर छाए हुए हैं. पहला- सोशल मीडिया पर रामानंद सागर की ‘रामायण’ धारावाहिक के राम यानी अरुण गोविल का एक वीडियो वायरल हुआ. इसमें अरुण गोविल किसी एयरपोर्ट पर खड़े हैं और एक महिला उन्हें प्रणाम करती नजर आ रही है. महिला का परिवार भी गोविल के सामने विनीत भाव में दिख रहा है. अरुण गोविल उस महिला को रोकने की कोशिश भी करते हैं, मगर न चाहते हुए भी उसका प्रणाम स्वीकार करने को मजबूर दिख रहे हैं. अब दूसरे वीडियो की बात करें, जो 2 अक्टूबर को आया है. हां, प्रभाष की फिल्म ‘आदिपुरुष’ का. इसके टीजर का इंतजार हो रहा था. रिलीज हुआ तो लोग इंटरनेट पर टूट पड़े.
‘आदिपुरुष’ का टीजर देखकर पहले तो सिनेमाप्रेमियों की हंसी छूट पड़ी. फिर रुलाई भी आ गई. जरा ठहरकर गुस्सा भी आ सकता है. दरअसल प्रभाष और कृति सेनन स्टारर इस फिल्म का लंबे समय से इंतजार चल रहा है. बड़े ताम-झाम से 30 सितंबर को पहला पोस्टर और फिर 2 अक्टूबर को टीजर जारी किया गया. रामायण, अयोध्या, सरयु नदी के तट की कहानी, अधर्म पर धर्म की विजय से जुड़ी कहानी की पृष्ठभूमि बताई गई थी. टीजर आया तो पर्दे पर श्रीराम दिखे, फिर पहाड़, झरने, समुद्र…, और इसके बाद जब लंकापति रावण के रूप में सैफ अली खान नजर आए तो लोगों की हंसी छूट पड़ी. फिर रामभक्त हनुमान, समुद्र पर रामसेतु जैसे कई दृश्य आते जा रहे थे और दर्शकों लोट-लोटकर लहालोट हुए जा रहे थे.
आपकी छवि क्या है औरों के हृदय में उससे ही आपकी महानता है।रामायण टीवी धारावाहिक को 35 वर्ष हो गए पर राम का चरित्र निभाने वाले अरुण गोविल आज भी सबके लिए प्रभु श्रीराम ही हैं। भावुक कर देने वाला क्षण। @arungovil12 pic.twitter.com/4nM979xQl3
— Dr Sumita Misra IAS (@sumitamisra) September 30, 2022
कपोल-कल्पना जैसे गेट-अप से छूटती है हंसी
बेजोड़ वीएफएक्स और स्पेशल इफेक्ट्स से लैस यह टीजर पूरा कॉमिक्स दिख रहा है. खासकर, रावण के गेट-अप और उसके पुष्पक विमान को लेकर तो सोशल मीडिया मीम्स से भर गया है. यह गौरतलब है कि यह ‘आदिपुरुष’ का टीजर है, ट्रेलर आना बाकी है. राम, रावण, सीता, हनुमान या रामायण के अन्य पात्र भी इस फिल्म में हो सकता है नजर आएं.
रामायण सीरियल में राम की भूमिका से अरुण गोविल और रावण के किरदार में अरविंद त्रिवेदी मशहूर हुए.
सोशल मीडिया यूजर्स जिस एक बात से ज्यादा खीझे हुए हैं, वह है रावण का गेट-अप. टि्वटर पर तो उसकी तुलना लोग फिल्म ‘पद्मावत’ के अलाउद्दीन खिलजी तक से करने लगे हैं. इसी तरह रावण किसी विशाल पक्षी पर सवार है या पुष्पक विमान पर, इसको लेकर भी मीम्स बनने लगे हैं. दरअसल फिल्म के टीजर का कॉमिक्स-नुमा दिखने से लोगों को ऐतराज नहीं है, दिक्कत इस बात पर है कि क्या पूरी फिल्म ऐसे ही बचकाने पात्रों को लेकर बनाई गई है? अगर ऐसा ही है तो हंसी वाले इमोजी के साथ बने मीम्स सही ही बने हैं.
रामायण के राम-रावण और आदिपुरुष
‘आदिपुरुष’ के रावण को देखकर लोगों ने रामानंद सागर के ‘रामायण’ के रावण यानी अरविंद चतुर्वेदी और राम (अरुण गोविल) की तस्वीरों से तुलना शुरू कर दी है. 1980 के दशक के आखिरी दिनों में टीवी पर आई रामायण से लाखों करोड़ों लोगों का जुड़ाव यूं ही नहीं है. रामानंद सागर ने भारतीय संस्कृति में रचे बसे महाकाव्य रामायण को छोटे पर्दे पर इतनी गंभीरता के साथ उतारा कि लोग आज भी इसके पात्रों से जुड़ाव महसूस करते हैं. इस धारावाहिक के राम हों या रावण, इन किरदारों को निभाने वाले अभिनेताओं को दर्शकों ने सिर-आंखों पर बिठाया. सागर के बाद बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत’ के श्रीकृष्ण यानी नीतीश भारद्वाज को भी यही प्रतिष्ठा मिली. यही वजह है कि अरुण गोविल हों या नीतीश भारद्वाज, उनके प्रति अगाध श्रद्धा देखने को मिलती है. सवाल उठता है कि क्या प्रभाष की ‘आदिपुरुष’ के ‘राम’ को दर्शक यही प्रतिक्रिया देंगे? टीजर देखकर तो नहीं लगता, बाकी भविष्य बताएगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Actor Prabhas, Adipurush, Bollywood, Entertainment Special
FIRST PUBLISHED : October 03, 2022, 16:19 IST





