Cinema

मधुबाला की बायोपिक पर उनकी छोटी बहन की चेतावनी , बोलीं “आखिरी सांस तक लड़ने को हूं तैयार”


मधुबाला (Madhubala) को आज भी बॉलीवुड की सबसे खूबसूरत अदाकाराओं में से एक माना जाता है. अब यह दिवंगत अभिनेत्री अपनी बहु प्रत्याशित बायोपिक को लेकर एक बार फिर से चर्चाओं में बनी हुई हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक मधुबाला पर दो बायोपिक बनाई जाने वाली हैं. एक फिल्म उनकी बहन मधुर ब्रिज भूषण के समर्थन से बनाई जा रही है. तो वहीं दूसरी बायोपिक टूटू शर्मा द्वारा प्रोड्यूस की जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं.

अभी हाल ही में पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में इस लीजेंडरी अभिनेत्री की बहन मधुर ब्रिज भूषण ने अभिनेत्री की बायोपिक को लेकर फिल्मी गलियारों में लगाई जा रही अटकलों पर खुलकर बातचीत की.

मधुबाला,madhubala

मधुबाला (फाइल फोटो)

इस इंटरव्यू के दौरान टूटू शर्मा द्वारा मधुबाला पर बनाई जा रही दूसरी बायोपिक पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मधुर कहती हैं कि दूसरी बायोपिक का कोई सवाल ही नहीं उठता है. मधुबाला पर केवल एक ही बायोपिक बनाई जाएगी जिसे उनका और उनकी टीम का पूर्ण समर्थन हासिल है. मधुबाला के जीवन पर आधारित कोई और प्रोजेक्ट ना बन सके यह सुनिश्चित करने के लिए उनकी लीगल टीम हर जरूरी कदम उठा रही है.

इस विषय पर आगे चर्चा करते हुए वह कहती हैं कि वह मधुबाला की बायोपिक को लेकर काफी उत्साहित हैं और वह अन्य किसी बायोपिक के बारे में विचार नहीं करना चाहती हैं.

अपनी बहन की बायोपिक के बारे में विस्तार से बताते हुए वह कहती हैं कि इस बायोपिक के मेकर्स को उनके द्वारा पूरी रचनात्मक छूट दी गई है. इस बायोपिक का असल मकसद लीजेंडरी अदाकारा के जीवन के अनदेखे पहलुओं को दर्शकों के सामने रखना है. साथ ही इस फिल्म का उद्देश्य उनके जीवन के इर्द-गिर्द घूमती गलत धारणाओं को खारिज करना भी है.

मधुर ने भले ही किसी का नाम ना लिया हो लेकिन उन्होंने यह बात साफ कर दी है कि वह मधुबाला के जीवन पर आधारित कोई और प्रोजेक्ट नहीं होने देंगी. इसके लिए फिर चाहे उन्हें कानूनी कार्यवाही ही क्यों न करनी पड़े. उनके मुताबिक उनकी बहन मधुबाला के जीवन पर उनके परिवार का भावनात्मक और कानूनी अधिकार है और वह अपने परिवार के लिए अपनी आखिरी सांस तक कोई भी लड़ाई लड़ने को तैयार हैं.

Tags: Biopic Movies, Bollywood news, Entertainment news., Madhubala

Leave a Reply