आज दशहरे (Dussehra 2022) का उत्सव देशभर में अलग-अलग अंदाज में मनाया गया. दशहरे पर रावण के दहन की प्रथा है और यही प्रथा सालों से दिल्ली की सबसे बड़ी लव कुश रामलीला में भी निभाई जा रही है. दशहरे के मौके पर लव-कुश रामलीला कमेटी द्वारा आयोजित लाल किला ग्राउंड में रावण, कुंभकरण और मेघनाद का पुतला जलाया गया. दिल्ली के चीफ मिनिस्टर अरविंद केजरीवाल के साथ ‘बाहुबली’ से प्रसिद्धि का इतिहास लिखने वाले एक्टर प्रभास ने रावण, कुंभकरण, मेघनाद के साथ ही भ्रष्टाचार के अलावा पांच अलग-अलग पुतलों का दहन किया. बता दें प्रभास जल्द ही फिल्म ‘आदिपुरुष’ में श्रीराम के किरदार में नजर आने वाले हैं. इस मौके पर ‘आदिपुरुष’ के निर्देशक ओम राउत और प्रोड्यूसर भूषण कुमार भी मौजूद थे.
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया दिल्ली सरकार द्वारा पटाखों और आतिशबाजी पर बैन होने की वजह से हमने 8 ट्रैक डिजिटल डॉल्बी साउंड सिस्टम द्वारा आतिशबाजी की आवाज निकाली. जलने से पहले रावण के पुतले से जय श्री राम की आवाज निकली और रावण की आंखों से आग निकली. पुतलो का दहन करने के बाद लीला ग्राउंड में आए लाखों राम भक्तो को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जय श्रीराम के उदघोष से अपना भाषण शुरू करते हुए कहा कि विजय दशमी का दिन हम सभी को एकबार फिर यह याद दिलाने का दिन है कि आखिर में सत्य की ही जीत होती है. यह मेरा सौभाग्य है कि मैं एक बार फिर प्रभु श्री राम की इस लीला में आया हूं और मुझे राम भक्तों के बीच एकबार फिर श्री राम का उदघोष करने का अवसर मिला.
देखिए प्रभास का ये वीडियो.
बता दें कि इस अवसर पर फिल्म आदिपुरुष का टीजर भी जारी किया गया. इस फिल्म के लीड हीरो बाहुबली फेम स्टार प्रभास ने भी राम भक्तों जय श्री राम का उदघोष किया. वहीं प्रभास को देख ग्राउंड में चारों और ‘बाहुबली-बाहुबली’ के नारे लगने लगे. दर्शको में प्रभास का क्रेज इस कदर था कि उनकी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए पुलिस के साथ अर्ध सैनिक बलों की तीन टुकड़ी और लीला कमेटी की और से 140 बाउंसर तैनात किए गए.
लीला के प्रेसिडेंट अर्जुन कुमार के मुताबिक कल भरत मिलाप की लीला में भाजपा दिल्ली प्रदेश के प्रेजीडेंट आदेश गुप्ता गुरु वशिष्ठ का रोल करेंगे. बता दें कि रविवार को ही फिल्म ‘आदिपुरुष’ का टीजर रिलीज हुआ है. इस फिल्म में प्रभास के अलावा कृति सेनन, सनी सिंह और सैफ अली खान अहम किरदार में नजर आएंगे.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Arvind kejriwal, Dussehra Festival, Prabhas
FIRST PUBLISHED : October 05, 2022, 22:18 IST





