पर्दे पर कॉलेज रोमांस और ब्रोमांस की कहानियां अक्सर ही दर्शकों को पसंद आती रही हैं. ऐसी ही एक कहानी है ‘फील्स लाइक होम’ जिसमें 4 लड़के मिलकर दिल्ली के एक पॉश इलाके के किराए के विला को अपना घर बनाने की कोशिश करते हैं. इस सीरीज के पहले पार्ट में लक्ष्य, समीर, अवी और गांधी, कॉलेज की अपनी जिंदगी की झलक पहले सीजन में दिखा चुके हैं.
लेकिन दूसरे सीजन में कॉम्पलीकेशंस, ड्रामा, मस्ती और इमोशन भी 2.0 अंदाज में ही है. लॉइंसगेट प्ले पर रिलीज होने वाली वेब सीरीज अक्सर दर्शकों को पसंद आती रही हैं. आइए, देखते हैं कि फील्स लाइक होम का ये दूसरा सीजन कितना मजेदार साबित होता है.
इस सीरीज के पहले सीजन में हमने देखा कि एक साथ एक घर में रहने वाले ये लड़के अपनी जिंदगी के उतार चढ़ाव एक-साथ जी रहे हैं और एक-दूसरे के बेहद करीबी दोस्त हैं. लेकिन अब ये लड़के बड़े हो गए हैं, तो उनकी प्रोब्लम्स, मस्ती और ड्रामा भी उसी अंदाज में बढ़ गया है. ब्रोमांस की इस कहानी में इस बार ‘ब्रो-कोड’ टूट रहा है. अवी की गर्लफ्रेंड महिमा अब लक्ष्य को डेट कर रही है और इस बात ने लक्ष्य और अवी के बीच दिक्कतें पैदा कर दी हैं.
जिंदगी को अपनी शर्तों पर जीने वाला लक्ष्य पहली बार प्यार की खूबसूरती महसूस कर रहा है पर परेशानी इसलिए है कि उसे जिस्से प्यार हुआ है, वो उसके ही दोस्त की गर्लफ्रेंड है. वहीं समीर अपने ही सच से भागने की कोशिश में लगा है. गांधी के लिए अब भी क्रिकेट ही उसका पहला प्यार है. इन्हीं समीकरणों में कहानी एक खूबसूरत मोड़ के साथ आगे बढ़ती है.
एक्टिंग की बात करें तो पहले सीजन में ही ये चारों किरदार अपनी-अपनी जर्नी के साथ आपसे जुड़ चुके हैं. ऐसे में उनकी कहानी को आगे बढ़ते हुए देखने काफी दिलचस्प हो जाता है. समीर के किरदार में अंशुमान मल्होत्रा काफी जचे हैं तो वहीं प्रीत का जिंदगी को आजादी से जीने का तरीका आपको भा जाएगा. कहानी में कई जगह ऐसे खूबसूरत लाइफ-लेसन दिए गए हैं जिन्हें सुनने के बाद आपको सच में कुछ अलग ही महसूस होगा. अवी और गांधी के बीच में बेड पर लेट कर बात करते हुए एक सीन दिखाया गया है. ये सीन काफी भरपूर इमोशन लिए हुए है.
निर्देशक साहिर रजा की इस कहानी में आपको कई मूमेंट मिलेंगे जो दिल को छू लेंगे. लड़को के बीच ब्रोमांस की ये कहानी आपको बार-बार अपने कॉलेज के दिन याद दिलाने की कोशिश करेगी. इस सीरीज के हर एपिसोड में आपको कुछ फ्रेश देखने को मिलेगा. मेरी तरफ से इस सीरीज को 3.5 स्टार.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bollywood news
FIRST PUBLISHED : October 06, 2022, 15:51 IST





