प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) एक ऐसी एक्ट्रेस हैं जो हमेशा महिलाओं की लड़ाई में उनकी आवाज बुलंद करती आई हैं. एक बार फिर प्रियंका चोपड़ा ने ईरान में आंदोलन कर रही महिलाओं का खुलकर समर्थन किया है.
एक्ट्रेस ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करके इन महिलाओं की आवाज बुलंद की है. प्रियंका ने एक फोटो शेयर करते हुए उसके कैप्शन में ईरानी महिलाओं के साहस को समर्पित एक लंबा पोस्ट लिखा है. ईरानी प्रदर्शनकारियों के लिए लिखे इस पोस्ट में प्रियंका कहती हैं कि अपने हक की लड़ाई लड़ने वाली इन महिलाओं के साहस से वह आश्चर्यचकित हैं.
(फोटो साभार- instagram @priyankachopra)
एक्ट्रेस लिखती हैं, “ जो आवाजें सालों तक जबरन दबाए जाने के बाद उठती हैं उन्हें ना कोई रोक सकता है और ना ही कोई दबा सकता है.” साथ ही प्रियंका पूरे विश्व की महिलाओं से इन ईरानी महिलाओं का समर्थन करने की अपील करती हैं. वह लिखती हैं, “सूचित रहें और अपनी आवाज को बुलंद करें, ताकि कोई इन आवाजों को दबा ना सके.”
बता दें, अमिनी को सितंबर में अनिवार्य इस्लामिक हेडस्कार्फ हिजाब से बालों को ठीक तरह से ना कवर करने के जुर्म में ईरान की नैतिकता पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया था, जिसके तीन दिन बाद 22 वर्षीय अमिनी की हिरासत में ही मौत हो गई थी. अमिनी की मौत के बाद से ही पूरे ईरान में लोग खासकर महिलाएं जगह-जगह पर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं.
प्रियंका के नाम दर्ज हैं कई उपलब्धियां
अगर बॉलीवुड स्टार प्रियंका चोपड़ा की बात करें तो उन्होंने हाल में अपने नाम एक और उपलब्धि दर्ज की है. अभी कुछ दिन पहले ही प्रियंका चोपड़ा ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का इंटरव्यू लिया था. इस इंटरव्यू में भी इस एक्ट्रेस ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति से वेतन असमानता और महिलाओं के हक के बारे में बात की थी.
एक्ट्रेस अक्सर वैश्विक मंचों पर वेतन असमानता, महिला शिक्षा और जेंडर आधारित हिंसा पर खुलकर अपने विचार व्यक्त करती नजर आती हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Bollywood actress, Entertainment news., Nick Jonas, Priyanka Chopra
FIRST PUBLISHED : October 07, 2022, 23:25 IST





