पिछले कुछ सालों में फिल्म इंडस्ट्री में नेपोटिज्म (Nepotism) की बहस लगातार चलती रही है. आलिया भट्ट (Ali Bhatt), वरुण धवन (Varun Dhawan), अनन्या पांडे (Ananya Pandey), आदित्य रॉय कपूर, जाह्नवी कपूर, सारा अली खान जैसे सितारे हमेशा से ही नेपोटिज्म की बहस के सेंटर में रहे हैं. आलिया भट्ट ने अब अपने ताजा इंटरव्यू में इस पूरे मामले पर अपनी बात रखी है. आलिया का कहना है कि नेपोटिज्म से काम भले ही मिल जाए लेकिन सफलता के लिए मेहनत करनी पड़ती है और दर्शक ही सफलता का असली पैमाना हैं. एक्ट्रेस ने कहा कि मैं बार-बार बोलकर खुद को सही साबित नहीं कर सकती. अगर आपको मैं पसंद नहीं आती तो मुझे मत देखिए.’ आपको बता दें कि इससे पहले करीना कपूर खान भी अपने एक इंटरव्यू में यही बात कह चुकी हैं कि ‘अगर आप हमें नहीं देखना चाहते तो मत देखिए’. जानिए आलिया ने पूरी बात क्या कही.
आलिया भट्ट से पूछा गया कि उन्हें पहली फिल्म के बाद से ही नेपोटिज्म के लिए टारगेट किया गया. इसपर मिड डे को दिए इंटरव्यू में एक्ट्रेस ने कहा, ‘इससे (नेपोटिज्म) डील करने के आपके पास 2 तरीके हैं. पहला कि हां ठीक है मैं अपने काम से लोगों को प्रूव करूंगी, लोग तो कुछ न कुछ कहते ही हैं और ऐसा ही कुछ. जो संयमित व्यक्ति होगा वो ऐसे रिएक्टर करेगा और दूसरा व्यक्ति कहेगा कि ये सब क्या बकवास है, ये क्या तरीका है, बिना किसी कारण से लोग मेरे पीछे पड़े हैं.’ आलिया ने आगे कहा, ‘देखिए आपको समझना पड़ेगा कि नेपोटिज्म हर जगह मौजूद है, हर प्रोफेशन में पर हम फिल्म इंडस्ट्री पर ही ज्यादा फोकस कर रहे हैं. मेरी समझ में नेपोटिज्म वो है जब आप अपनी पोजीशन का इस्तेमाल कर किसी को काम दिलाते हैं.’
आलिया भट्ट इन दिनों अपनी प्रेग्नेंसी इंजॉय कर रही हैं. . Image : instagram/aliaabhatt
हां, मैं एक प्रिवलेज्ड परिवार से हूं
एक्ट्रेस ने कहा, ‘हां मैं मानती हूं कि मैं एक ऐसे परिवार से आती हूं जो इंडस्ट्री से जुड़ा है और मुझे इससे प्रिवलेज मिला है. अगर कही मेरा फोटोग्राफ होगा तो वह किसी दूसरे-तीसरे व्यक्ति से पहले मेरा फोटो देखेंगे. लेकिन ये फोटो मुझे काम नहीं दिला सकता.’ उन्होंने आगे कहा, ‘अगर मैं काम खराब करती हूं तो उससे प्रोड्यूसर को नुकसान होगा. तो जो लोग सोचते हैं, उसके उलट, हम फिल्म को हिट कराने के लिए पैसे नहीं दे सकते, मैं अच्छा काम करने के लिए पे नहीं कर सकती, आप किसी भी चीज को चलाने के लिए कुछ नहीं कर सकते. आप बस अच्छा काम कर सकते हैं और सिर्फ उसी आधार पर चीजें काम करती हैं.’
सफलता का पैमाना दर्शक हैं
आलिया ने आगे कहा, ‘दर्शक ही सफलता का असली पैमाना हैं. अगर दर्शकों को यह विश्वास होगा कि आप उनकी सफलता के लायक हैं, तभी वो आपको सफल बनाएंगे. मैं उनसे जबरदस्ती सफलता नहीं मांग सकती या छीन सकती. तो मैं आज जहां हूं वहा पहुंचने के लिए मैंने बहुत मेहनत की है.’
आलिया हाल ही में फिल्म ‘डार्लिंग्स’ ने नजर आईं जो नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है. (फोटो साभार: Instagram@aliaabhatt)
मैं अपनी एनर्जी काम पर लगाती हूं
एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘मेरा विश्वास है कि इस बहस को मैं बस एक तरीके से रोक सकती हूं और वह है मेरा काम. इसलिए मैं प्रतिक्रिया नहीं देती और बुरा भी नहीं महसूस करती. हालांकि मुझे बुरा लगता है, पर बुरा लगना, लोगों के उस प्यार और इज्जत के बदले बहुत छोटी कीमत है. मैं चुप रहती हूं, घर जाती हूं और अपना काम करती हूं. मैंने गंगूबाई जैसी फिल्म दी है. तो अब कौन हँस रहा है. कम से कम तब तक जब तक मैं फ्लॉप फिल्म न दूं. आखिर में आप अपने अंदर की एनर्जी का इस्तेमा करें और अपना काम करें. मैं बार-बार बोलकर खुद को सही साबित नहीं कर सकती. और अगर आपको मैं पसंद नहीं आती तो मुझे मत देखिए. मैं उसमें कुछ नहीं कर सकती. ये एक ऐसी चीज है, जिसके लिए मैं कुछ नहीं कर सकती.’
आलिया और रणबीर फिल्म ‘ब्रह्मामात्र’ में पहली बार साथ नजर आएंगे. ( फोटो साभार- विरल भयानी)
एक्ट्रेस ने आगे कहा, ‘मैं इस बात पर कैसे नियंत्रण रख सकती हूं कि मैं कहां पैदा हुई हूं. मेरे माता पिता ने क्या किया मेरा उसपर नियंत्रण कैसे हो सकता है. आप चाहते हैं कि मैं अपने पिता के इतने सालों के काम पर शर्मिंदगी महसूस करूं? हां, ये सही है कि चीजें मेरे पास आसानी से आई हैं लेकिन मैं अपना काम पाने के लिए पूरी मेहनत कर रही हूं.’
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Alia Bhatt
FIRST PUBLISHED : August 23, 2022, 12:17 IST





