उत्तर प्रदेश में पिछले दो महीनों के दौरान कुत्तों के हमलावर होने की कई घटनाएं सामने आईं. लखनऊ में एक पालतू पिटबुल डॉग ने तो अपनी मालकिन पर ही हमला कर उसकी जान ले ली. गाजियाबाद में एक अपार्टमेंट की लिफ्ट में पालतू डॉगी ने बच्चे पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया. दोनों ही घटनाओं ने देशभर में डॉग-लवर्स को दुखी कर दिया. इसे संयोग ही कहिए कि जिस वक्त ये घटनाएं चर्चा में आई, उसी दौरान डॉग-लवर्स के लिए फिल्मी दुनिया ने ‘एक तोहफा’ भेजा. यह तोहफा आया था टॉलीवुड यानी दक्षिण भारतीय फिल्मों से, नाम है ‘777 चार्ली’. फिल्म में एक्टर रक्षित और उनके लेब्राडोर कुत्ते को लोगों ने पसंद किया. इंसान और जानवर के बीच खूबसूरत रिश्ते पर बनी ये फिल्म मूल रूप से कन्नड़ में है. मगर इसका हिंदी या अन्य भाषाओं का संस्करण भी दर्शकों को खूब पसंद आया.
इंसान और जानवरों के रिश्ते, खासकर कुत्ते तो कई फिल्मों के लीड रोल के साथ कदम-ताल करते नजर आए हैं. जैकी श्राफ की फिल्म ‘तेरी मेहरबानियां’ का वह डॉगी तो आपको याद ही होगा. फिल्म ‘सीआईडी’ में राजकुमार का वह तगड़ा जर्मन शेफर्ड या फिर ‘हम आपके हैं कौन’ का छोटा सा प्यारा सा पॉमेरियन डॉग टफी. हिंदी फिल्मों के ये कुत्ते किसी अपने या उनके जानने वालों को काटते नहीं, बल्कि उनकी गोद में मस्ती करते नजर आते हैं.
कुत्ते ही नहीं, हाथी-घोड़े भी फिल्मों में कामयाब
फिल्मी दुनिया ने पालतू पशुओं और इंसानों के बीच भावनात्मक रिश्ते को खूब भुनाया है. राजेश खन्ना की ‘हाथी मेरे साथी’ देख लीजिए या उसके कई साल पहले आई बलराज साहनी और निरूपा राय की ‘हीरा मोती’. डॉल्फिन और इंसान की दोस्ती पर ‘डॉल्फिन टेल’ की बात करें या महाराणा प्रताप और उनके घोड़े चेतक को फोकस में रखकर बनी फिल्म ‘जय चित्तौड़’. फिल्म इंडस्ट्री की नजरों ने समाज और पालतू पशुओं के बीच के भावनात्मक संबंध को कभी अनदेखा नहीं किया है.
777 चार्ली और डॉग लवर्स
पालतू कुत्ते के हिंसक होने, आसपास के लोगों पर हमला करने की खबरों के बीच ही तीन महीने पहले 10 जून को कन्नड़ फिल्म ‘777 चार्ली’ रिलीज हुई. लीक से हटकर कहानी और शानदार फिल्मांकन ने दर्शकों का दिल जीत लिया. आम दर्शकों के साथ-साथ ‘777 चार्ली‘ ने कई बड़ी हस्तियों को भी अपना फैन बनाया. कर्नाटक के मुख्यमंत्री तो यह फिल्म देखकर भावुक हो गए. उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. इस फिल्म की कहानी महाभारत की कथा से प्रेरित है. ‘777 चार्ली’ के मुख्य अभिनेता रक्षित ने फिल्म को तारीफ मिलते देख ऐलान भी किया कि इसकी कमाई का कुछ हिस्सा पालतू जानवर और कुत्तों के लिए काम करने वाले NGO को दिया जाएगा.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Attack of stray dogs, Bollywood, Dog Lover, Film
FIRST PUBLISHED : September 15, 2022, 15:33 IST





