बॉलीवुड की नई रिलीज ‘ब्रह्मास्त्र’, उसके पहले ‘डार्लिंग्स’, उससे भी पहले ‘गंगूबाई’…, हिंदी फिल्मों में अपनी कलाकारी के दम पर धमाल मचा रही आलिया भट्ट की ये फिल्में चली या नहीं, चर्चा में जरूर रही. इन फिल्मों में ही नहीं, इससे पहले भी आलिया ने अपने परफॉर्मेंस से दर्शकों और क्रिटिक्स का दिल जीता है. इसके मद्देनजर ही पिछले दिनों चर्चित टीवी शो ‘कॉफी विद करण’ में उनकी तारीफ में करण जौहर ने कसीदे पढ़े. आलिया के फैन्स अपनी चहेती अदाकारा को आज की टॉप एक्ट्रेस में से एक मानते हैं. सोशल मीडिया पर तो उनके लिए ‘सीटीमार लेडी सुपरस्टार ऑफ द ईयर’ का तमगा भी दे दिया गया.
400 करोड़ से ज्यादा की लागत से बनी ‘ब्रह्मास्त्र‘ के रिलीज होने के एक हफ्ते तक पूरी कमाई न करने के बाद भी आलिया भट्ट को Seeti Maar Lady Superstar का तमगा क्यों? इस सवाल का जवाब आलिया भट्ट के परफॉर्मेंस से मिल जाएगा. संजय लीला भंसाली की ‘गंगूबाई’ हो या एसएस राजामौली की RRR, आलिया अपने रोल में फिट रही. ‘डार्लिंग्स’ ओटीटी पर आई, जिसमें उनके काम की खूब तारीफ हुई. लिहाजा, जिस करण जौहर ने फिल्म इंडस्ट्री में आलिया को लॉन्च किया था, उनका तारीफ करना स्वाभाविक है. दूसरों ने भी आलिया पर नेमत बरसाई.
लेडी सुपरस्टार का दावा इसलिए बनता है
आलिया भट्ट को इस साल का ‘लेडी सुपरस्टार’ कहने के पीछे एक और दलील दी जा सकती है. उनकी अभी तक की फिल्मों ने कमाई में कोई कोताही नहीं की. ओटीटी पर रिलीज हुई ‘डार्लिंग्स’ को छोड़, सिनेमाहॉल में रिलीज की गई तीनों फिल्मों ने 100 करोड़ से ऊपर की कमाई की. हालांकि ‘ब्रह्मास्त्र‘ ने अपेक्षा के अनुरूप बॉक्स ऑफिस पर कलेक्शन नहीं किया. लेकिन ‘गंगूबाई’ और ‘आरआरआर’ ने धमाके से 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया. ‘गंगूबाई’ ने 125 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस किया, वहीं ‘आरआरआर’ का हिंदी-वर्जन तो ढाई सौ करोड़ के पार गया. इसी के दम पर हमारी आलिया भट्ट ‘सीटीमार लेडी सुपरस्टार’ की दावेदार बन जाती है.
आलिया के मुकाबले कौन दावेदार
यह सच है कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में इस साल की लेडी सुपरस्टार का दावा आलिया भट्ट का ज्यादा है. इस तमगे के लिए मुकाबला कड़ा है. तापसी पन्नू, कृति सेनन जैसी एक्ट्रेस भी हैं. कृति सेनन ने पिछले साल ‘मिमी’ में हर आम व खास दर्शक को प्रभावित किया. तापसी पन्नू ने हालिया रिलीज ‘शाबाश मिथू’ में प्रभावित किया. मगर वह कमाई में आलिया को टक्कर नहीं दे सकीं. इस साल के अब 3 महीने बचे हैं. देखना है कि आलिया भट्ट के मुकाबले में कौन अपना दावा पेश करती है. तब तक तो हम इस लेडी सुपरस्टार की कला का लुत्फ उठा ही सकते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Alia Bhatt, Bollywood actress
FIRST PUBLISHED : September 16, 2022, 18:55 IST





