National cinema day 2022: नेशनल सिनेमा डे के मौके पर मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (Multiplex Association Of India) ने दर्शकों को खास सौगात देने का फैसला किया है. 23 सितंबर को देश भर के सिनेमाघरों में मात्र 75 रुपए में फिल्में देखने का लुत्फ उठाया जा सकता है. पहले सिनेमा दिवस 16 सितंबर को मनाया जाना था,लेकिन बाद में इसका दिन 23 सितंबर तय किया गया. देश में इससे पहले सिनेमा दिवस नहीं मनाया गया था, फिल्ममेकर,एक्टर्स और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों में इस दिन को लेकर खासा उत्साह है.
कोरोना काल से पहले हर वीकेंड पर सिनेमाघरों में जहां भारी भीड़ जुटती थी, कई बार तो टिकट खिड़की से दर्शकों को निराश लौटना पड़ता था. लेकिन जब से कोरोना महामारी ने लोगों को घरों में कैद किया तो ओटीटी प्लेटफॉर्म ही मनोरंजन का सहारा हो गया था. धीरे-धीरे इसका ऐसा चस्का लगा कि लोगों ने सिनेमाघरों का रुख करना ही बंद कर दिया, जिसका सीधा असर फिल्ममेकिंग पर पड़ रहा है. ऐसे में मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने दर्शकों को दोबारा सिनेमाघरों की तरफ खींचने के लिए करीब 4 हजार सिनेमाघरों में मात्र 75 रुपए में टिकट देने का फैसला किया है.
सिनेमाघरों में रौनक लौटाने की MIA की कोशिश
कोरोना महामारी से यूं तो तमाम इंडस्ट्री प्रभावित हुई. लॉकडाउन के समय में सिनेमाघर पूरी तरह से बंद रहे. जब लॉकडाउन के नियमों में ढील मिली तो लोगों की सुरक्षा का ख्याल रखते हुए 50 फीसदी ऑक्यूपेंसी नियम के साथ सिनेमाघर खोले गए. वहीं फिल्म इंडस्ट्री भी बुरे दौर का सामना करते हुए एक बार फिर उठने की कोशिश में जुटी हुई है. लंबे समय बाद फिल्में बन भी रही हैं और रिलीज भी हो रही हैं लेकिन सिनेमाघरों में सन्नाटा पसरा हुआ है. पहले वाली रौनक लौट नहीं पा रही है.
ये भी पढ़िए-Prem Chopra B’day: खलनायक नहीं नायक बनना चाहते थे प्रेम चोपड़ा, जानिए राज कपूर से क्या है रिश्ता
MIA के पास है 4 हजार स्क्रीन्स
माना जा रहा है कि सिनेमा दिवस पर सस्ती टिकट रखने का बड़ा फायदा देखने को मिलेगा. बता दें कि मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया फिक्की यानी फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अधीन आती है. साल 2002 में इसका गठन किया गया था. इस एसोसिएशन में करीब 500 मल्टीप्लेक्स जुड़े हुए हैं, जिनके देश भर में 4 हजार स्क्रीन्स हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Bollywood, Film industry
FIRST PUBLISHED : September 23, 2022, 09:06 IST





