Cinema

12 Years Of Robot: ऐश्वर्या राय का हीरो बनने में कंफर्टेबल नहीं थे रजनीकांत, एक्टर ने खुद बताया था मजेदार किस्सा


ऐश्वर्या राय बच्चन (Aishwarya Rai Bachchan) इन दिनों अपनी फिल्म ‘पोन्नियिन सेलवन’ की वजह से चर्चा में हैं. लंबे समय बाद सिल्वर स्क्रीन पर आईं ऐश्वर्या फिल्म में नंदिनी के रोल में जंच रही हैं. इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर शानदार ओपनिंग मिली है. ठीक 12 साल पहले भी ऐश्वर्या अपनी फिल्म ‘रोबोट’ (Enthiran) को लेकर खूब सुर्खियों में थीं. बला की खूबसूरत एक्ट्रेस के चाहने वाले बॉलीवुड से लेकर साउथ फिल्म इंडस्ट्री तक है.  इस फिल्म में उनके साथ साउथ के सुपर स्टार रजनीकांत (Rajnikanth) थे. 1 अक्टूबर 2010 में रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई का इतिहास रच दिया था. ‘रोबोट’ फिल्म के रिलीज हुए 12 साल पूरे हो चुके हैं. इस फिल्म को लेकर एक मजेदार किस्सा बताते हैं.

12 साल पहले रिलीज हुई फिल्म ‘रोबोट’ में रजनीकांत के साथ पूर्व मिस वर्ल्ड ऐश्वर्या राय ने लीड रोल प्ले किया था. साउथ फिल्म इंडस्ट्री में भगवान माने जाने वाले रजनीकांत पूरे देश में काफी पॉपुलर एक्टर हैं. दर्शक उनके नाम पर सिनेमाघरों में जाते हैं और उनकी फिल्में जबरदस्त कारोबार करती हैं. मीडिया रिपोर्ट की माने तो इस फिल्म ने भी 375 करोड़ रुपए की कमाई की थी. लेकिन अपने दोस्त अमिताभ बच्चन की बहू के साथ फिल्म करना रजनीकांत के लिए आसान नहीं था.

रजनीकांत ने बताया था ‘रोबोट’ का किस्सा
‘रोबोट’ के डायरेक्टर एस शंकर ने जब रजनीकांत के साथ ऐश्वर्या को लेने की बात बताई थी तो काफी असहज हो गए थे. फिल्म करते समय भी उनका यही हाल रहा, क्योंकि ऐश्वर्या उनके अच्छे दोस्त अमिताभ बच्चन की बहू थीं. इस फिल्म से जुड़ा एक मजेदार किस्सा बताते हैं जिसे खुद रजनीकांत ने  फिल्म की लॉन्चिंग पर सुनाया था.  मीडिया से बात करते हुए रजनीकांत ने  बताया था कि ‘एक बार अपने भाई से मिलने बेंगलुरू गए हुए थे. वहां उनके पड़ोस में रहने वाला राजस्थानी फैन उनसे मिलने आया. करीब 60 साल के पड़ोसी ने सुपरस्टार से पूछा और रजनी, क्या हाल..बाल-वाल सब क्या हो गया. इस पर रजनीकांत ने जवाब दिया था कि बाल तो सारे चले गए. तो बोला अब रिटायरमेंट लाइफ के मजे ले रहे हो’.

ऐश्वर्या राय का हीरो सुन सदमें में आ गया था पड़ोसी
‘पड़ोसी फैन के इस सवाल पर रजनीकांत ने कहा नहीं…अभी एक फिल्म कर रहा हूं. इस पर उसने फिल्म का नाम और हीरोइन का नाम पूछा. जब रजनीकांत ने उसे बताया कि वह ऐश्वर्या राय के साथ काम कर रहे हैं. ये सुनने पर वह उन्हें 10 मिनट घूरता रहा. फिर बोला तुम हीरो हो…. और फिर बिना कुछ और कहे चला गया’. बाद में मैेंने सुना वह अपने घर में बात कर रहे थे कि ‘ऐश्वर्या राय, अभिषेक और अमिताभ बच्चन को क्या हो गया है जो ऐश्वर्या इनकी हीरोइन बन रही हैं’.  मजे की बात है कि जब रजनीकांत ये किस्सा बता रहे थे तो वहां बिग बी भी मौजूद थे. उनकी बात सुनकर अमिताभ जोर-जोर से हंसने लगे थे.

ये भी पढ़िए-11 Years Of Saheb Biwi Aur Gangester: सफलता से उत्साहित तिग्मांशु धूलिया बना चुके हैं 2 सीक्वल, चौथी बार करेंगे हिम्मत ?

बता दें कि ‘रोबोट’ फिल्म को हिंदी के साथ-साथ तमिल, तेलुगू में भी रिलीज किया गया था. इस फिल्म को संगीत प्रसिद्ध संगीतकार ए आर रहमान ने दिया था.

Tags: Aishwarya rai, Aishwarya rai bachchan, Entertainment Special, Rajnikanth

Leave a Reply