Cinema

‘गिरफ्तारी नहीं हुई तो पंजाब छोड़ देंगे’, धमकी मिलने के बाद बोले शहनाज गिल के पिता


शहनाज गिल (Shehnaaz Gill) के पिता संतोख सिंह (Santokh Singh) ने जान से मारने की धमकी मिलने के बाद, पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि फोन करने वाले शख्स ने खुद का नाम ‘हैप्पी’ बताया है और दिवाली से पहले उन्हें जान से मारने की धमकी दी है. संतोख सिंह का कहना है कि अगर कोई गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे पंजाब छोड़ देंगे.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, संतोख सिंह कहते हैं, ‘मैं शनिवार को अमृतसर ग्रामीण पुलिस के एसएसपी के पास शिकायत दर्ज कराने पहुंचा था. कल मुझे हैप्पी नाम के एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने मुझे दिवाली से पहले जान से मारने की धमकी दी है. मुझे लगता है कि वे मुझे निशाना बनाना चाहते हैं, क्योंकि मैं एक हिंदू नेता हूं.’

संतोख सिंह ने पंजाब छोड़ने की कही बात
उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच करने का अनुरोध करते हुए कहा, ‘अगर कोई गिरफ्तारी नहीं की जाती है, तो मुझे जल्द ही पंजाब छोड़कर कहीं और बसने के लिए मजबूर होना पड़ेगा.’ इस संबंध में, एसपी जसवंत कौर ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच की जाएगी और कार्रवाई होगी.’ यह पहली बार नहीं है जब संतोख सिंह को धमकी दी गई है.

संतोख सिंह पर हो चुका है हमला
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी में दिसंबर 2021 में शामिल होने के बाद, संतोख सिंह पर दो लोगों ने हमला किया था. यह हमला तब हुआ था, जब वे अपनी कार के अंदर बैठे थे. दो अज्ञात हमलावरों ने उनके पास आकर गोली चला दी थी. गौरतलब है कि उनकी बेटी शहनाज ने ‘बिग बॉस 13’ से लोकप्रियता पाई थी.

शहनाज गिल बॉलीवुड डेब्यू के लिए तैयार हैं
‘बिग बॉस 13’ में शहनाज की दिवंगत एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला के साथ खूबसूरत केमिस्ट्री देखने को मिली थी, जिसके बाद फैंस उन्हें ‘सिडनाज’ कहकर बुलाने लगे थे. दोनों एक-दूसरे के करीब आए. बता दें कि शहनाज गिल अपना बॉलीवुड डेब्यू करने के लिए तैयार हैं. वे सलमान खान की फिल्म ‘किसी का भाई किसी की जान’ में नजर आएंगी.

Tags: Shehnaaz Gill

Leave a Reply