दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी (Srivdevi) की फिल्म ‘इंग्लिश विंग्लिश’ (English Vinglish) उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में गिनी जाती है. इस फिल्म में अपने प्रदर्शन से उन्होंने दर्शकों का दिल जीत लिया. गौरी शिंदे (Gauri Shinde) द्वारा निर्देशित, इंग्लिश-विंग्लिश में श्रीदेवी ने शशि गोडबोले का किरदार निभाया था, जो एक सफल छोटी बिजनेस फैमिली से होने के बावजूद एक ऐसी महिला है, जिसे अंग्रेजी नहीं आती. जिसके चलते उसके बच्चे, पति और परिवार ही नहीं दूसरों से भी हीन भावना का सामना करना पड़ता है. अपने पति और बेटी द्वारा अंग्रेजी ना बोल पाने पर मजाक उड़ाने पर शशि एक इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स ज्वॉइन करती है, जिससे वह अपना आत्म सम्मान हासिल कर सके.
इंग्लिश विंग्लिश ने हाल ही में रिलीज के 10 साल पूरे किए. दर्शकों और समीक्षकों द्वारा इस फिल्म को खूब तारीफें मिली थीं. इस बीच गौरी शिंदे ने श्रीदेवी के बाद उनकी बेटी जाह्नवी कपूर के साथ काम करने की अपनी इच्छा जाहिर की है. हाल ही में एक इंटरव्यू में गौरी शिंदे ने जाह्नवी कपूर के साथ काम करने की अपनी ख्वाहिश जाहिर की.
एंटरटेनमेंट पोर्टल पिंकविला के साथ एक साक्षात्कार में, डियर जिंदगी की निर्देशक गौरी शिंदे ने कहा- “हम फिल्मों के बारे में बात करते हैं क्योंकि हम एक दूसरे को जानते हैं. वह मेरे लिए एक छोटी बच्ची की तरह है. मैं उनके बहुत करीब हूं, हम फिल्मों पर चर्चा करते हैं और निश्चित रूप से मैं उनके साथ काम करना चाहती हूं. हम दोस्त के रूप में भी मिलते हैं. तो हां, मैं वास्तव में जान्हवी के साथ काम करना पसंद करूंगी.”
गौरी ने डायरेक्शन से अपने गैप के बारे में बात करते हुए कहा- ‘मैं ऐसी फिल्में बनाना चाहती हूं, जो मुझे उत्साहित करती हैं. मैं ऐसी फिल्में बनाना चाहती हूं, जो ना केवल दर्शकों के लिए बल्कि मेरे लिए भी कुछ नया हो. मैं सिर्फ और सिर्फ ईमानदारी के साथ फिल्में बनाना चाहती हूं. और फिर उम्मीद करती हूं कि टिकट खिड़की के बाहर दर्शक खड़े हों. कोई फिल्म शुरू करने के लिए मुझे एक मजबूत कारण चाहिए. मैं अब एक फिल्म बनाना चाहती हूं, क्योंकि काफी समय बीत गया है. ये जल्दी ही शुरू होगी.’
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Gauri Shinde, Janhvi Kapoor, Sridevi
FIRST PUBLISHED : October 11, 2022, 21:53 IST





