Cinema

आलिया भट्ट-रणबीर कपूर के बच्चे का स्वागत करने के लिए बेताब हैं मौसी शाहीन, जानें क्या बोलीं


दिल्ली: आलिया भट्ट (Alia Bhatt) और रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) ने इस साल अप्रैल में शादी की थी और अब जल्द ही यह कपल पैरेंट्स बनने जा रहा है. भट्ट और कपूर परिवार, आने वाले नए मेहमान के स्वागत की तैयारियों में जोर-शोर से जुटे हैं. अभी कुछ वक्त पहले बांद्रा में स्थित रणबीर के घर में आलिया भट्ट की गोद भराई भी हुई थी.

आलिया भट्ट की बहन शाहीन भट्ट ने अपनी बहन की प्रेग्नेंसी पर पहली बार खुलकर बात की है. NEWS 18 से हुई बातचीत में शाहीन कहती हैं कि उनकी बहन के जीवन का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है और इस बात को लेकर वह काफी उत्साहित हैं.

वह आलिया के जीवन के बारे में आगे बात करते हुए कहती हैं कि सभी भाई-बहनों में आलिया भट्ट पहली हैं, जो मां बनने वाली हैं. इस बात का खुलासा होने के बाद से ही उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ उठी है. शाहीन के मुताबिक, यह साल उनके परिवार और खासकर उनकी बहन आलिया के लिए काफी शानदार था.

आलिया भट्ट अपनी बहन शाहीन भट्ट के कितने करीब हैं, यह बात तो किसी से छुपी नहीं है. यह दोनों बहनें अक्सर एक-दूसरे के साथ वक्त बिताती नजर आती हैं और यह एक-दूसरे के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट भी डालती रहती हैं.

शाहीन कहती हैं कि इतने व्यस्त होने के बावजूद दोनों एक-दूसरे के लिए समय निकाल ही लेते हैं. जब आलिया शूटिंग में व्यस्त होती हैं, तब दोनों बहनें वीडियो कॉल के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में बनी रहती हैं. बता दें कि आलिया और शाहीन का साथ में एक प्रोडक्शन हाउस भी है, जिसकी वजह से भी दोनों को एक-दूसरे के साथ वक्त बिताने का काफी समय मिल जाता है.

आलिया के ट्रोल्स को शाहीन ने दिया जवाब
आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने अपनी शादी के दो महीने बाद ही अपनी प्रेग्नेंसी की खबर साझा की थी. इसके बाद से कई सोशल मीडिया यूजर्स आलिया भट्ट को ट्रोल करने में लगे हुए हैं. ऐसे ट्रोल्स पर अपनी टिप्पणी करते हुए शाहीन कहती हैं कि उनका मानना है कि आप कभी भी सबको खुश नहीं रख सकते हैं और चाहे कुछ भी कर लें, कुछ ना कुछ तो लोग हमेशा ही कहेंगे.  उनका परिवार इस बात से भली-भांति वाकिफ है कि किस बात पर ध्यान देना है और किस पर नहीं.

Tags: Alia Bhatt

Leave a Reply