Cinema

उज्जैन में रणबीर कपूर-आलिया भट्ट का विरोध, महाकाल मंदिर के बाहर हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, बिना दर्शन किए लौटे


उज्जैन.  उज्जैन. विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग बाबा महाकाल के धाम में एक्टर रणबीर कपूर-आलिया भट्ट का हिंदू संगठनों ने विरोध किया. विरोध के चलते रणबीर और आलिया मंदिर नहीं पहुंच पाए. हालांकि भारी विरोध के बीच फ़िल्म डायरेक्टर अयान मुखर्जी और प्रोडक्शन टीम ने मंदिर के गर्भ गृह में दर्शन किया. रणबीर और आलिया को सुरक्षा के चलते इंदौर लौटना पड़ा.

दरअसल, मंगलवार शाम 7 बजे रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के महाकाल मंदिर में आने की भनक जैसे ही हिंदू संगठनों को लगी तो अलर्ट हो गए. शाम 4 बजे से मंदिर के बाहर एक्टर्स के पहुंचने के समय से पहले वीआईपी प्रवेश द्वार के आसपास विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता एकत्रित होना शुरू हो गए. इसकी पुलिस को भनक तक नहीं लगी. जैसे ही प्रोडक्शन टीम और अधिकारियों की गाड़ी तय समय पर प्रवेश द्वार पर पहुंची, हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शरू कर दी. काले झंडे दिखाये और प्रदर्शन किया. पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को रोकना चाहा तो बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की पुलिस से जमकर बहस हुई. पुलिस ने कार्यकर्ताओं को वहां से खदेड़ा. पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई. हालांकि मूवी की प्रोडक्शन टीम और अयान मुखर्जी डायरेक्टर ने मंदिर के गर्भ गृह में बाबा महाकाल के दर्शन लाभ लिए और मीडिया से चर्चा की.

मंदिर पहुंचे अयान ने बताया कि फिल्म के रिलीज होने से पहले उनकी बाबा महाकाल के दर्शन करने की काफी इच्छा थी और वह आज दर्शन करके काफी प्रसन्न हैं. फिल्म की सक्सेस के लिए उन्होंने भगवान से मनोकामना की है. साथ ही उन्होंने बताया कि हमारे साथ रणबीर कपूर के ट्रेनर धीपेश भट्ट जिन्हें शिवोहम के नाम से जाना जाता है, वह भी है और टीम के सदस्य हैं. दर्शन बहुत अच्छे से हुए हैं. अयान ने विरोध-प्रदर्शन के सवाल पर चुप्पी साध ली.

353 में प्रकरण दर्ज
हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता के विरुद्ध धारा 353 के तहत थाना महाकाल पुलिस ने प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है. एडिशनल एसपी, एडीएम, एसडीएम व तमाम अधिकारियों की मौजूदगी में हुई सीएसपी और थाना प्रभारी और कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट को लेकर यह कार्रवाई शासकीय बाधा में अड़चन तहत की गई है.

Tags: Alia Bhatt, Bramhastra, Ranbir kapoor, Ujjain news

Leave a Reply

Your email address will not be published.