पटना/हरिद्वार. ‘आदिपुरुष’ फ़िल्म के टीजर को लेकर विवाद और आगे बढ़ गया है. पहले सोशल मीडिया, फिर सियासी दलों और सामाजिक संगठनों ने इसके पात्रों की वेशभूषा को लेकर आपत्ति दर्ज की. मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने फिल्म में रामभक्त हनुमान के पहनावे पर आपत्ति जताई. इसके कुछ समय बाद बिहार में भारतीय जनता पार्टी के एमएलसी संतोष कुमार सिंह ने भी बयान दिया. उन्होंने मांग की कि इस फिल्म से हिंदुओं की भावना आहत हो रही है. इसलिए ‘आदिपुरुष’ को बिहार में प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए.
सियासी दलों के बयान आने के बाद साधु-संतों ने भी फिल्म का विरोध शुरू कर दिया है. उत्तराखंड के हरिद्वार में संतों ने इस फिल्म के टीजर को लेकर विरोध दर्ज कराया. संतों ने फिल्म में रावण और अन्य पात्रों के लुक पर आपत्ति जताई है. संतों ने कहा कि यह हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ है. ऐसे फिल्म निर्माताओं को जूते मारे जाने चाहिए.
हरिद्वार के साधु-संतों ने आदिपुरुष के पात्रों के लुक पर आपत्ति जताई है.
सैफ अली खान हैं रावण की भूमिका में
हरिद्वार में साधु-संतों ने रामायण की कहानी पर आधारित फिल्म ‘आदिपुरुष’ में विभिन्न किरदारों के लुक पर तीखा विरोध जताया है. शहर में सोशल मीडिया पर फिल्म के किरदारों के लुक को आपत्तिजनक बताते हुए लगातार फिल्म का विरोध किया जा रहा है. हरिद्वार में साधु संतों ने फिल्म में रावण और दूसरे पात्रों के लुक को लेकर अपनी आपत्ति जताई है. दरअसल इस फिल्म में रावण की भूमिका अभिनेता सैफ अली खान निभा रहे हैं. हाल ही में जारी हुए रावण के लुक को पारंपरिक लुक से बिल्कुल अलग दिखाया गया है, जिसे सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक बताया जा रहा है.
साधु-संतों के संगठनों ने किया विरोध
हरिद्वार में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हिंदू धर्म और उसकी मान्यताओं को बदलने की कोशिश लगातार हो रही है. यह हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ है. ऐसी फिल्म और फिल्म निर्माताओं को जूते मारकर उनका बहिष्कार किया जाना चाहिए. इधर, जूना अखाड़ा के अध्यक्ष महंत प्रेम गिरी ने भी फिल्म के दृश्यों और निर्माताओं की मनसा को गलत बताया. उन्होंने कहा कि जब भी सनातन धर्म का ह्रास होता है तभी कोई अवतरित होकर ऐसे लोगों का नाश करता है. प्रेम गिरी ने कहा कि सनातन धर्म को बदनाम करने वाले ऐसे फिल्म निर्माताओं के पतन का समय आ गया है. फिल्म निर्माताओं की धर्म विरोधी हरकतें पतन की ओर ले जाएंगी. (हरिद्वार से पुलकित शुक्ला का इनपुट)
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी| आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी|
Tags: Actor Prabhas, Adipurush, Haridwar news, Kriti Sanon, PATNA NEWS
FIRST PUBLISHED : October 04, 2022, 17:54 IST





