Cinema

10 Years Of English Vinglish: गौरी शिंदे ने श्रीदेवी के साथ बनाई थी पहली फिल्म, ‘बिग बुल’ ने खेला था दांव


श्रीदेवी (Sridevi) का जादू दर्शकों के सिर चढ़ कर बोलता था. लाखों दिलों पर राज करने वाली एक्ट्रेस के नाम यूं तो कई हिट फिल्में हैं लेकिन गौरी शिंदे (Gauri Shinde) के निर्देशन में बनी फिल्म ‘इंग्लिश विंग्लिश’ (English Vinglish) श्रीदेवी की एक ऐसी फिल्म है जो बार-बार देखी जा सकती है. 5 अक्टूबर 2012 में रिलीज हुई इस फिल्म में ‘शशि’ के किरदार को श्रीदेवी ने बड़ी ही खूबसूरती और मासूमियत से प्ले किया था. फिल्म के 10 साल पूरे होने पर एक्टर्स, स्क्रीन प्रेजेंस और स्टोरी की बात तो करेंगे ही साथ ही आपको बताएंगे कि शेयर मार्केट के ‘बिग बुल’ के नाम से फेमस इनवेस्टर राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) का क्या था कनेक्शन.

गौरी शिंदे को पहली बार ही हिंदी सिनेमा की फीमेल सुपरस्टार कही जाने वाली दिग्गज एक्ट्रेस श्रीदेवी के साथ फिल्म बनाने का मौका मिला था. किसी कि भी जिंदगी में पहली बार किया हुआ काम खास होता है, जाहिर सी बात है कि गौरी के लिए भी 10 साल पहले 5 अक्टूबर का दिन जीवन का यादगार दिन है. इसी दिन बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म ‘इंग्लिश विंग्लिश’ पर्दे पर आई और दर्शकों के दिलों पर छा गई. इस फिल्म में श्रीदेवी के अलावा प्रिया आनंद, आदिल हुसैन, सुजाता कुमार जैसे एक्टर थे तो अमिताभ बच्चन ने भी कैमियो किया था.

sridevi, amitabh bachchan

English Vinglish में अमिताभ बच्चन ने कैमियो किया था. (फोटो साभार: Movies N Memories/twitter)

सीखने की कोई उम्र नहीं होती
अंग्रेजी बोलने को लेकर अक्सर लोग दुविधा में रहते हैं, कई लोग बेहद परेशान और निराश भी रहते हैं. हिंदी खराब बोलने पर किसी का मजाक नहीं उड़ाया जाता लेकिन अंग्रेजी बोलने में डिक्शन से लेकर सेंटेंस फ्रेमिंग तक में गड़बड़ हो तो लोग अक्सर मजाक उड़ाते लोग नजर आते हैं. इसी विषय पर बनी फिल्म दर्शकों को छू गई थी और बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कारोबार किया था. ये फिल्म सीख देती है कि कुछ भी सीखने के लिए उम्र आड़े नहीं आती. किसी लैंग्वेज के आने और नहीं आने का संबंध आपकी बुद्धिमता से नहीं होता है.

राकेश झुनझुनवाला ने  ‘इंग्लिश विंग्लिश’ में लगाया था पैसा
इस फिल्म ने सिर्फ देश ही नहीं बल्कि विदेशी धरती पर भी खूब कारोबार किया था. कहते हैं कि हांगकांग में तो आमिर खान की फिल्म ‘3 इडियट्स’ के बाद दूसरी सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्म साबित हुई थी. इस फिल्म में पैसा लगाया था शेयर मार्केट की दुनिया में बिग बुल के नाम से मशहूर राकेश झुनझुनवाला ने. राकेश अब दुनिया में नहीं हैं लेकिन कहा जाता है कि वह जहां भी दांव खेलते थे,यानी पैसा लगाते थे तो खूब कमाई करते थे. श्रीदेवी स्टारर इस फिल्म के साथ भी ऐसा ही हुआ था. आमतौर पर शेयर बाजार में पैसा लगाने वाले राकेश ने कुछ दूसरे इनवेस्टर के साथ मिलकर ‘इंग्लिश विंग्लिश’ में पैसे लगाए थे और उन्हें मोटा मुनाफा हुआ था. मीडिया रिपोर्ट की माने तो 11 करोड़ की लागत से बनी फिल्म ने 78 करोड़ की कमाई की थी, यानी 11 गुना रिटर्न मिला था.

ये भी पढ़िए-महेश भट्ट को जब एक एक्ट्रेस ने कर दिया था परेशान, तब फिल्ममेकर को याद आई श्रीदेवी की शराफत

 ‘इंग्लिश विंग्लिश’ की दिल छू लेने वाली कहानी
‘इंग्लिश विंग्लिश’ फिल्म की कहानी बहुत सिंपल थी लेकिन इसे फिल्माया बेहद संजीदगी से गया था. श्रीदेवी ने शशि नामक महिला का रोल प्ले कर अपनी सहज अदायगी से जान फूंक दिया था. फिल्म एक ऐसी महिला की कहानी है जो अपनी फैमिली के लिए डेडीकेटेड है, लेकिन कई बार इंग्लिश बोलने की समस्या से असहज हो जाती है. अपनी इस कमी को दूर करने के लिए इंग्लिश स्पीकिंग क्लास ज्वॉइन करती है और अपनी लगन औप मेहनत से अंग्रेजी सीखती है और अपने सपने को पूरा करती है. इसी बीच अमेरिका में अपनी बहन की बेटी की शादी में जाने का निमंत्रण मिलता है और ये ट्रिप शशि की जिंदगी बदल देता है. यह फिल्म अलग-अलग वजहों से लाखों दर्शकों के दिलों को छू गई थी.

Tags: Amitabh bachchan, Entertainment Special, Gauri Shinde, Rakesh Jhunjhunwala, Sridevi

Leave a Reply